script

Coronavirus: कोरोना मामलों में एक ही दिन में बड़ा उछाल, 6 हजार से ज्यादा नए केस मिले

locationनई दिल्लीPublished: May 20, 2020 09:08:45 am

Submitted by:

Navyavesh Navrahi

कोरोना से स्वस्थ होने वालों की संख्या 40 हजार के करीब
देश की स्थिति दुनिया के दूसरे देशों से कहीं बेहतर
कोरोना मामलों में देश में मृत्युदर भी दूसरें देशों से बेहद कम

corona.jpg
देश में कोरोना मरीजों के ठीक होने की दर भले ही बढ़ रही हो, लेकिन इसके साथ ही कोरोना मरीजों का आंकड़ा भी लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को तीसरी बार फिर कोरोना मामलों में बड़ा उछाल देखने को मिला। कल कोरोना के 6141 रिकॉर्ड नए मामले सामने आए। इससे देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 1 लाख 6 हजार 476 हो गई। जबकि इस दौरान 3030 लोग स्वस्थ भी हुए। यह संख्या एक दिन में सबसे ज्यादा है।
अकेले महाराष्ट्र में एक दिन में 2 हजार से ज्यादा मामले

मंगलवार को अकेले महाराष्ट्र में 2078 मरीज बढ़े। राज्य में लगातार चौथे दिन 2 हजार से ज्यादा कोरोना के पॉजिटिव मामले सामने आए। इसके अलावा तमिलनाडु में 688, दिल्ली में 500, गुजरात में 395, राजस्थान में 338, उत्तरप्रदेश में 321, मध्यप्रदेश में 229 मरीज मिले। यह आंकड़े राज्यों सरकारों की ओर से दी गई जानकारी पर आधारित हैं।
देश में स्वस्थ होने वालों की संख्या 40 हजार के करीब

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार- देश में 1 लाख 1 हजार 139 संक्रमित हैं। 58 हजार 802 का इलाज चल रहा है। 39 हजार 173 अब तक स्वस्थ हुए हैं और 3163 लोगों को कोरोना के कारण जान गंवानी पड़ी है। मंत्रालय के अनुसार- दुनिया में प्रति एक लाख आबादी पर 60 और भारत में सिर्फ 7.1 कोरोना मरीज हैं। वहीं, अमरीका में एक लाख की आबादी पर 431, ब्रिटेन में 494 और इटली में 372 मरीज हैं।
भारत की हालत दुनिया के अन्य देशों से बेहतर

विशेषज्ञों के अनुसार- कोरोना के मामले में भारत की स्थिति अभी तक दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले काफी बेहतर है। कोरोना संक्रमितों की मौत के मामले में भी भारत की स्थिति दुनिया के बाकी देशों से अच्छी है। देश में प्रति 1 लाख आबादी पर मृत्यु दर 0.2 है, जबकि दुनिया में इतनी ही आबादी पर 4.1 मौतें हो रही हैं। एक लाख आबादी पर सबसे ज्यादा 59.2 मौतें स्पेन में हुई हैं। यहां अब तक 27 हजार 650 लोग कोरोना के कारण जान गंवा चुके हैं।
दूसरे देशों की यह है स्थिति

मृत्यु दर के हिसाब से इटली दूसरे स्थान पर है। यहां एक लाख की आबादी पर 52.8 मौतें हुई हैं। इसके बाद ब्रिटेन का नाम आता है। यहां कोरोना के कारण अब तक कुल 34 हजार 636 मरीजों की जान गई है। एक लाख की आबादी पर मौतों का कुल आंकड़ा 52.1 है। जबकि अमरीका में यह दर 26.6 है।
देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा एक लाख के पार

देश में इस समय कोरोना संक्रमितों की संख्या एक लाख की संख्या को पार कर चुकी है। इसे 100 मरीजों से यहां तक पहुंचने में 64 दिन लगे हैं। इस मामले में भारत की स्थिति दुनिया के दूसरे देशों अमरीका, इटली और ब्रिटेन से कहीं बेहतर है। अमरीका में यह आंकड़ा सबसे तेजी से बढ़ा। इस विकसित देश में 100 से एक लाख मरीज होने में केवल 25 दिन लगे थे।

ट्रेंडिंग वीडियो