
नई दिल्ली। कोरोना वायरस ( coronavirus ) का कहर अब राष्ट्रपति भवन परिसर ( President Bhawan ) तक पहुंच गया है। जानकारी के मुताबिक प्रेसिडेंट एस्टेट ( President Estate ) में अपने परिवार के साथ रहने वाली एक महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। मामला प्रकाश में आने के बाद से पूरे राष्ट्रपति भवन परिसर में हड़कंप मच गया है। खास बात यह है कि महिला का पति राष्ट्रपति भवन के दफ्तर में ही काम करता है।
इस बात को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति भवन के दफ्तर में कार्यरत महिला के पति ने खुद को क्वारनटाइन कर लिया है।
दरअसल, राष्ट्रपति भवन में काम करने वाले एक सफाईकर्मी की बहू कोरोना पॉजिटिव मिली है। इसके बाद उसके पूरे परिवार का कोरोना टेस्ट ( Corona Test ) किया गया, जो निगेटिव आया है। इस बीच राष्ट्रपति भवन कैंपस में रहने वाले 125 परिवारों को होम क्वारनटीन में रहने का निर्देश दिया गया है। दूसरी तरफ कोरोना पॉजिटिव पाई गई महिला को उपचार के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राष्ट्रपति भवन परिसर में काम करने वाले 125 से ज्यादा सफाईकर्मी, माली व देखरेख करने वाले अन्य लोग भी इस दौरान महिला के पति के संपर्क में आए थे। सभी को सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। इस मामले के सामने आने के बाद राष्ट्रपति भवन में भी सतर्कता और बढ़ा दी गई है।
जानकारी के मुताबिक प्रेसिडेंट एस्टेट में रहने वाली जिस महिला में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, उसकी सास की पिछले दिनों कोरोना के चलते ही मौत हो गई थी। वह बाड़ा हिंदूराव इलाके में रहती थीं। बताया जा रहा है कि कोरोना पीड़ित अपनी सास के संपर्क में आने की वजह से ही महिला भी कोरोना की चपेट में आ गई।
तबीयत खराब होने और कोरोना के लक्षण पाए जाने के बाद महिला का टेस्ट किया गया और जब रविवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई प्रेसिडेंट एस्टेट में हड़कंप मच गया।
Updated on:
21 Apr 2020, 9:56 AM IST
Published on:
21 Apr 2020, 8:05 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.