स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार भारत में एक दिन के भीतर कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 7 लाख से अधिक सैंपलों की जांच की गई है। इसके साथ ही देश में अब तक कुल 2,41,06,535 नमूनों की जांच हो चुकी है। आपको बता दें कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ( Ministry of Health and Family Welfare ) ने रविवार यह आंकड़े जारी किए। रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस ( COVID-19 ) के कुल 7,19,364 टेस्ट किए गए हैं। जबकि इससे पहले दिन यानी शनिवार को 5,98,778 कोरोना सैंपलों की जांच की गई थी। मंत्रालय की ओर से कहा गया कि पिछले कुछ दिनों में ही कोरोना वायरस की जांच में तेजी आई है। स्वास्थ्य विभाग ने राज्यों को फिलहाल व्यापक रूप से ट्रैकिंग, आइसोलेशन और बेहतर इलाज पर फोकस करने को कहा है।