
नई दिल्ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।मुख्य सचिव अंशु प्रकाश मारपीट मामले में दिल्ली पुलिस की जांच सीएम अरविंद केजरीवाल तक पहुंच गई है। अब दिल्ली पुलिस मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से 18 मई को पूछताछ करेगी। खबरों के मुताबिक दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में मुख्यमंत्री केजरीवाल को कानूनी नोटिस जारी किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अरविंद केजरीवाल को इस संबंध में नोटिस भेजा गया है। उन्हें शुक्रवार सुबह 11 बजे दिल्ली पुलिस के दफ्तर में पूछताछ के लिए बुलाया गया है। इससे पहले पुलिस केजरीवाल के पीएसओ, ऑपरेटर और ड्राइवर से पूछताछ कर चुकी है। कहा जा रहा है कि केजरीवाल से पूछताछ के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज की फोरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी।11 विधायकों से भी पूछताछ कर चुकी है।
क्या है मामला?
19-20 फरवरी की रात को दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ कथित मारपीट का आरोप लगा था। मुख्य सचिव अंशु प्रकाश ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में बुलाई गई बैठक में उनके साथ आम आदमी पार्टी के विधायकों ने कथित तौर पर मारपीट और बदसलूकी की थी। अंशु प्रकाश ने बताया था 'दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के सामने आप विधायकों ने बदसलूकी की। इसके बाद आईएएस एसोसिएशन ने मामले को लेकर बैठक बुलाई । मामले के बाद एसोसिएशन ने आप विधायकों की गिरफ्तारी की मांग की थी। इस घटना के बाद मुख्य सचिव ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दी थी, जिसके बाद ओखला विधायक अमानतुल्ला समेत अन्य विधायकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद अंशु प्रकाश एक हफ्ते भर की मेडिकल लीव पर चले गए थे। पुलिस ने इस मामले में आम आदमी पार्टी के दो विधायक प्रकाश जरवाल और अमानतुल्लाह खान को गिरफ्तार किया था। बाद में दोनों को जमानत मिल गई थी। इस मामले में केजरीवाल के तत्कालीन सलाहकार वी के जैन से भी पूछताछ की गई थी।
Published on:
16 May 2018 02:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
