
रेलवे टिकट रिजर्वेशन काउंटर (फाइल फोटो)
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के चलते देश भर में लागू लॉकडाउन को लेकर भारतीय रेलवे ने डेढ़ माह से भी ज्यादा वक्त तक यात्री ट्रेनों को रद्द रखा। हालांकि बीते 12 मई से रेलवे ने सीमित संख्या में विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया। इस बीच गुरुवार को रेलवे ने बड़ी घोषणा करते हुए आगामी 30 जून या इससे पहले तक के लिए बुक की गईं सभी यात्री ट्रेनों के टिकट को कैंसल कर दिया है। इससे पहले रेलवे ने टिकटों के कैंसलेशन को लेकर भी नए नियम जारी किए।
भारतीय रेलवे द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि इसने आगामी 30 जून 2020 या इससे पहले की अवधि में बुक की गई सभी टिकटों को रद्द कर दिया है। जिन्होंने भी 30 जून तक की टिकटों की बुकिंग कराई है, उन्हें इसका रिफंड जारी कर दिया जाएगा।
रेलवे ने यह भी जानकारी दी कि बाकी सभी यात्री ट्रेनों की इन टिकटों को रद्द करने के अलावा उसने सभी स्पेशल ट्रेनों और श्रमिक स्पेशल ट्रेनों को लेकर कोई सूचना नहीं दी है। यानी 12 मई से शुरू हुईं सभी स्पेशल ट्रेनें और प्रवासी लोगों के लिए चलाई जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के लिए बुक की गई टिकटों पर यात्रा जारी रहेगी और इनके यात्रियों को परेशान होने की कोई जरूरत नहीं।
गौरतलब है कि रेलवे मंत्रालय द्वारा गुरुवार को बीते 21 मार्च से लागू संशोधित टिकट कैंसलेशन-रिफंड के नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इन नई गाइडलाइंस में टिकटों के कैंसलेशन और रिफंड को लेकर पहले की निर्धारित अवधि को काफी ज्यादा बढ़ा दिया गया है।
इसके मुताबिक पहले जहां यात्रा तिथि के तीन दिनों में टिकटों पर काउंटर से रिफंड पाने का नियम था, अब इसे बढ़ाकर छह माह कर दिया गया है। वहीं, 21 मार्च के बाद कैंसल किए गए टिकटों पर काटे गए कैंसलेशन चार्ज का शेष पूरा रिफंड दिया जाएगा।
Updated on:
14 May 2020, 1:04 PM IST
Published on:
14 May 2020, 11:41 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.