
अब ट्रेनों में लगेगा इकोनॉमी एसी क्लास
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ( Indian Railways ) ट्रेन यात्रियों की यात्रा को सुखद और आरामदायक बनाने के लिए लगातार बदलाव कर रहा है। इसी कड़ी में अब ट्रेन यात्रियों के लिए रेलवे ट्रेनों में चौथा एसी क्लास शुरू करने जा रहा है।
इसके तहत अब ट्रेनों में एसी-1, एसी-2 और एसी-2 के अलावा 'इकोनॉमी एसी क्लास' कोच जोड़े जाएंगे। नए कोच में रेलवे ने पहलीबार हाई वोल्टेज इलेक्ट्रिक स्विचगियर को कोच के भीतर से हटा कर ट्रेन के निचले हिस्से में लगाया है, जिससे कोच में 11 अतिरिक्त सीटें लगाने में आसानी हो गई।
मौजूदा ट्रेनों के एसी डिब्बों को फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी और थर्ड एसी के तीन क्लास में विभाजित किया गया था, लेकिन अब एक चौथा क्लास भी होगा जिसे थ्री टियर एसी इकॉनमी क्लास कहा जाएगा।
तैयार हो चुकी पहली खेप
ट्रेनों की इस श्रेणी के लिए बिल्कुल अलग तरह के कोच बनाए जा रहे हैं। रेलवे की कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री में बन रहे कोचों की पहली खेप तैयार भी हो चुकी है।
थर्ड एसी से अलग होगा ये क्लास
दरअसल थर्ड एसी और इकोनॉमी एसी क्लास के बीच कुछ खास अंतर होंगे। इसके तहत दोनों के कोच में जो मुख्य अंतर होगा वे ये है कि थर्ड एसी में अभी 72 बर्थ होती हैं जबकि थर्ड एसी इकॉनमी क्लास में 83 बर्थ होगी। यानी इसमें 11 बर्थ अधिक होंगी।
बढ़ेगा थर्ड एसी का किराया
अब थर्ड एसी कोच में यात्रा करने वालों की जेब पर बोझ बढ़ेगा। यानी थर्ड एसी का किराया पहले से बढ़ जाएगा जबकि थर्ड एसी इकॉनमी नया क्लास आएगा, जो कमोबेश सस्ता होगा।
इकोनॉमी क्लास में पास-पास होंगी सीट
थर्ड एसी के कोच में अधिक सीटें निकाल कर बनाए गए थर्ड एसी इकॉनमी क्लास की सीटें कुछ पास-पास होंगी।
ट्रायल के लिए भेजा जाएगा
किसी भी नए रेल इंजन या डिब्बों को यात्रियों के लिए पटरी पर लाने से पहले उसका परीक्षण रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) करता है। बुधवार को रेल कोच फैक्ट्री कपूरथला से बने पहले थ्री टियर इकॉनमी क्लास कोच को भी परीक्षण के लिए लखनऊ भेजा जाएगा।
248 डिब्बे बनाए जाएंगे
रेलवे का दावा है कि ये कोच विश्व में सबसे सस्ते एसी यात्री किराए वाले कोच होंगे। आरसीएफ कपूरथला में ऐसे 248 डिब्बे इस वित्त वर्ष में बनाए जाएंगे।
नए कोच की खास बातें
1. इसमें प्रत्येक यात्री के लिए अलग से एक एसी डक्ट दिया गया है जिसे यात्री अपनी सुविधा से खोल या बंद कर सकते हैं। जैसा हवाई जहाजों में सुविधा रहती है।
2. नए इकोनॉमी क्लास वाले कोच में लाइटिंग पहले के मुकाबले बेहतर की गई है
3. इस कोच की दीवारें और इंटीरियर भी पहले के मुकाबले काफी बेहतर है।
Published on:
11 Feb 2021, 10:52 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.