
विधानसभा में CM केजरीवाल की उपस्थिति 10 % से भी कम होने पर अदालत पहुंचे कपिल मिश्रा
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के बागी विधायक कपिल मिश्रा और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बीच मचा घमासान थम नहीं रहा है। अब कपिल मिश्रा सीएम केजरीवाल के खिलाफ अदालत पहुंच गए हैं। दिल्ली हाईकोर्ट ने विधायक कपिल मिश्रा को अरविंद केजरीवाल के खिलाफ याचिका दाखिल करने की अनुमति दे दी है। दिल्ली हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई कल यानी मंगलवार को होगी।
क्यों दायर हुई याचिका?
कपिल मिश्रा की तरफ से दाखिल इस याचिका में कहा गया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की विधानसभा में उपस्थिति 10 फीसदी से भी कम है। दिल्ली के पूर्व जल मंत्री कपिल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल का वेतन काटने की मांग की है। कपिल मिश्रा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने के अलावा सीलिंग के मुद्दे पर आयोजित लगभग सभी विशेष सत्रों में गैरमौजूद रहे हैं। वे वहां सिर्फ दो घंटे के लिए ही मौजूद रहे। यह लोगों के मतदान का अपमान है। अगर वे विधानसभा में नहीं आ रहे हैं तो उनका वेतन काटा जाना चाहिए। उन्होंने ये भी दावा किया कि सदन की पिछले एक साल की 27 बैठकों में से मुख्यमंत्री केजरीवाल सिर्फ 5 बैठकों में मौजूद रहे।
केजरीवाल के लिए पोस्टर भी ट्वीट किया
बता दें कि इससे पहले रविवार को कपिल मिश्रा ने अपने ट्विटर हैंडल से एक बैनर भी पोस्ट किया करते हुए याचिका दाखिल करने की जानकारी दी थी। साथ ही ट्वीट में एक फोटो भी शेयर किया। जिस पर लिखा है गुमशुदा केजरीवाल सदन में आओ। आपको बता दे कि कपिल मिश्रा एक समय में केजरीवाल के काफी करीब थे। वह केजरीवाल की कैबिनेट में भी शामिल थे। पर केजरीवाल के साथ विवाद होने के बाद उन्होंने केजरीवाल पर आरोपों की झड़ी लगा दी थी।
Published on:
11 Jun 2018 12:32 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
