26 दिसंबर 2025,

शुक्रवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू खेलते हैं बैडमिंटन, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल रात में दौड़ते हैं 12 किमी

सेहत ही असली धन: राजनेताओं में बढ़ी है स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता, कोई जिम में बहाता है पसीना कोई बंगले के लॉन में करता है योग

3 min read
Google source verification
secret news

वेंकैया नायडू खेलते हैं बैडमिंटन, राहुल रात में दौड़ते हैं 12 किमी

नई दिल्ली। राजनीति का स्वरूप समय के साथ कितना भी बदला हो, एक चीज नहीं बदली है। राजनेताओं की व्यस्तता। अपने क्षेत्र में पार्टी के लिए अभियान से लेकर चुनावी भागदौड़ के बीच उनके स्वास्थ्य की समस्याएं बड़ी चुनौती रही हैं। कई बार दूसरे देश के फिट और फुर्तीले नेताओं की तुलना में भी भारत के नेताओं को लेकर चुटकुले बनते रहे हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ऐसे में एक मिसाल के तौर पर नजर आते हैं।

'द प्रिंट' की रिपोर्ट के मुताबिक अब हमारे देश के नेताओं में भी स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीनों व्यायाम करते हुए वीडियो जारी किया था। इसमें वे योग, वॉक, सूर्य नमस्कार करते हुए दिख रहे हैं। ऐसा ही कुछ उदाहरण कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का भी है। समय मिले तो वे आधी रात में भी 12 किलोमीटर की दौड़ लगाते हैं वहीं, उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू बैडमिंटन खेलते हैं। गौरतलब है कि हाल ही में राहुल की मार्शल आर्ट करते हुए तस्वीर भी वायरल हुई थी।

वेंकैया नायडू (69 वर्ष)

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू सेहतमंद रहने के लिए बैडमिंटन खेलते हैं। कामकाज की व्यस्तता के बावजूद इसके लिए उन्होंने आधिकारिक आवास पर निजी स्टाफ के साथ एक टीम बना रखी है।

राजनाथ सिंह (75 वर्ष)

गृहमंत्री राजनाथ सिंह अपने लॉन में योग और व्यायाम करते हैं। सुबह-शाम कम से कम 20 मिनट टहलते हैं। इस सख्त नियम के कारण ही उन्हें उनके पसंदीदा व्यंजन लड्डू, कचौरी से दूर रहने की मजबूरी नहीं।

सोनिया गांधी (71 वर्ष)

गांधी परिवार के सभी सदस्यों की रूटीन में ध्यान शामिल है। कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला के मुताबिक सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका तीनों ध्यान करते हैं। राहुल हर दूसरे दिन कम से कम 12 किमी दौड़ते हैं। अगर दिन में नहीं दौड़ पाते तो आधी रात में भी निकल जाते हैं।

राज्यवर्धन राठौर (48 वर्ष)

खेल और युवा मामलों के मंत्री राज्यवर्धन राठौर खुद ओलंपियन विनर रह चुके हैं। सेना से जुड़े रहे राठौर अपनी सेहत और फिटनेस को लेकर काफी सजग हैं। इन्होंने ही #HumFitTohIndiaFit कैंपेन शुरू किया था जिससे बाद में प्रधानमंत्री सहित तमाम बड़ी हस्तियां जुड़ीं। दिल्ली के अलावा चुनावी रैलियों और अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर जाने पर भी राठौर एक्सरसाइज मिस नहीं करते हैं।

किरन रिजीजू (46 वर्ष)

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को उनके फिटनेस के लिए जाना जाता है। पिछले दिनों जब केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन राठौर ने फिटनेस चैलेंज दिया तो रिजीजू पुशअप करते दिखे थे। जानकारी के मुताबिक रिजीजू जिम में पसीना बहाते हैं। उन्हें साइक्लिंग पसंद है। हाल ही में हुई साइक्लोथान में वे सरकार की ओर से शामिल हुए थे।

मनीष सिसोदिया (46 वर्ष)

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया दिल्ली के बाहर यात्राओं और देर रात तक की बैठकों के बावजूद सुबह टहलना नहीं भूलते। इंडिया गेट उनकी पसंदीदा जगह है। हालांकि, अब घर पर व्यायाम करते हैं।

चिराग पासवान (36 वर्ष)

बॉलीवुड में हाथ आजमाने के बाद राजनीति में आए लोकजनशक्ति पार्टी के सांसद और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के पुत्र चिराग अपनी सेहत को लेकर बहुत सजग हैं। चिराग दिल्ली में रहते हैं तो रोज दो घंटे जिम में पसीना बहाते हैं। अपने संसदीय क्षेत्र बिहार जाने पर भी चिराग नियमित व्यायाम करना नहीं भूलते।

ये नेता भी पीछे नहीं

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर अपने बंगले पर ही वॉक करते हैं। केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, सांसद आरके यादव, अनुराग ठाकुर, एनसीपी सांसद सुप्रीया सुले, कांग्रेस नेता मनीष तिवारी और कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सूरजेवाल भी अपनी सेहत को लेकर सजग हैं। इनमें से कोई वॉक करता है तो किसी को क्रिकेट खेलना पसंद है। सुप्रिया सुले को साइक्लिंग भाती है। वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिल्ली के लोदी गार्डेन में हर सुबह घूमने जाते हैं।

संबंधित खबरें