
सरकार और सीबीआइ पर शिवसेना का हमला, राकेश अस्थाना को बताया भाजपा का शार्पशूटर
नई दिल्ली। भाजपा के सहयोगी दल शिवसेना ने सीबीआइ विवाद को लेकर मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय में लिए ‘चॉपस्टिक की काड़ी’ शीर्षक से एक लिखे एक लेख में केंद्र सरकार पर हमला बोला है। संपादकीय में शिवसेना ने प्रधानमंत्री की जापान यात्रा के दौरान चॉपस्टिक से खाना खाना की कला सीखने के साथ ही देश की अहम लोकतांत्रिक संस्थाओं में हो रहे हंगामों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। लेख में दिल्ली शासन व्यवस्था की स्थिति ‘तांगा पलटा, घोड़े फरार’ की तरह बताई गई है। कहा गया कि पहले चार प्रमुख न्यायमूर्तियों ने मीडिया को बुलाकर न्याय व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाए और अब देश की प्रमुख जांच एजेंसी सीबीआई भी सवालों के घेरे में है।
शिवसेना ने लिखा कि देश में सबकुछ ऐसा हो रहा था और पीएम मोदी अपने जापान दौरे पर थे। यही नहीं इस दौरान पीएम मोदी जापान पीएम शिंजो आबे से चॉपस्टिक से खाना खाने की ट्रेनिंग ले रहे थे। शिवसेना ने सीबीआई पर भी गंभीर टिप्पणियां की। लिखा गया कि हालांकि इससे पहले भी सीबीआई पर कई तरह के आरोप लगे हैं, लेकिन आज जैसी स्थिति कभी नहीं हुई। अब तो ऐसा महसूस होता है, मानो सीबीआई, भाजपा सरकार का कुत्ता है और उसको आज कोई भी लतिया रहा है। लेख के मुताबिक सीबीआई विवाद मोदी सरकार द्वारा नामित विशेष निदेशक राकेश अस्थाना के उस मामले से उपजा है, जिसमें उन्होंने पीएमओ के नाम पर सीधे हस्तक्षेप किए थे।
यही नहीं वर्मा बनाम अस्थाना गिरोह युद्ध भी इसी विवाद की देन है। इसके चलते ही एक दूसरे के लोगों की गिरफ्तारी के साथ ही आॅफिस पर छापा मारा गया। अपने संपादकीय में शिवसेना ने अस्थाना को भाजपा का शार्पशूटर बताया। कहा गया कि राकेश अस्थाना गुजरात कैडर के आॅफिसर व पीएम मोदी और अमित शाह के अत्यंत विश्वसनीय हैं। हालांकि शिवसेना ने इसको लेकर किसी भी तरह की आपत्ति से इनकार किया, लेकिन उसकी निष्पक्षता पर आशंका जाहिर करते हुए उसको भाजपा ‘शार्प शूटर’ बताया।
Updated on:
31 Oct 2018, 5:16 PM IST
Published on:
31 Oct 2018, 5:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.