सुप्रीम कोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए सरकार से पूछा कि जब सरकारें जानती हैं कि भारी मात्रा में पदों के खाली रहने से दिक्कतें हो रही हैं तब भी वह सूचना आयोग की नियुक्तियों को लेकर गंभीर क्यों नहीं हैं। जस्टिस ए के सिकरी और जस्टिस अशोक भूषण की पीठ ने अतिरिक्त सॉलिसीटर पिंकी आनंद से पूछा कि 'क्या उन्हें नहीं लगता कि पदों के खाली रहने से ये संस्थान प्रभावित होंगे।' अदालत ने केंद्र सरकार से कहा कि रिक्त पदों के चलते बड़ी संख्या में लंबित अपीलों और शिकायतों को निपटाने में दिक्कत हो रही है। उधर याचिकाकर्ता ने कोर्ट में कहा कि सूचना आयोग में बड़ी संख्या में पद खाली हैं और यह केवल केंद्रीय सूचना आयोग में ही नहीं है, बल्कि गुजरात, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक, ओडिशा और तेलंगाना में सूचना आयोग में बड़ी संख्या में पद खाली हैं। इतनी बड़ी मात्रा में रिक्तियों के कारण आरटीआई कानून बेअसर होता जा रहा है।