
congress
नई दिल्ली। केंद्र सरकार को बदनाम करने के मकसद से तैयार किया गया टूलकिट मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले की दिल्ली पुलिस लगातार जांच में आगे बढ़ रही है। बीते दिन टूलकिट केस में ट्विटर ऑफिस (Twitter) जाकर नोटिस जारी किया था। मंगलवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बीजेपी नेता संबित पात्रा (Sambit Patra) के खिलाफ इस मामले में केस दर्ज कराने वाले कांग्रेस के दो नेताओं को नोटिस भेजा है। इस नोटिस के जरिए दोनों नेताओं को जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है।
रोहन गुप्ता और राजीव गौड़ा को जारी किया नोटिस
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की ओर से मंगलवार को कांग्रेस नेता रोहन गुप्ता (Rohan Gupta) और राजीव गौड़ा (Rajiv Gowda) को नोटिस जारी किया गया है। कांग्रेस के दोनों नेताओं ने बीजेपी नेता संबित पात्रा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पात्रा पर आरोप लगाया था कि उन्होंने फर्जी टूलकिट शेयर की है। अब दोनों नेताओं को दिल्ली पुलिस ने जांच में शामिल होकर अपने-अपने बयान दर्ज कराने को कहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस के नोटिस पर कांग्रेस नेता राजीव गौड़ा ने प्रतिक्रिया दी है। राजीव गौड़ा ने कहा है कि हमने दिल्ली पुलिस को कह दिया है कि हमारी शिकायत की जांच छत्तीसगढ़ में चल रही है। ऐसे में हम इस मामले को उधर ही देखेंगे।
ट्विटर इंडिया को दिया गया नोटिस
आपको बता दें कि सोमवार को इस मामले में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की एक टीम ट्विटर के दफ्तर पहुंची थी। टूलकिट मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ट्विटर इंडिया को नोटिस जारी कर 'टूलकिटएज मैनिपुलेशन मीडिया' के सिलसिले में सबूत पेश करने को कहा था। इसके जवाब में ट्विटर ने कहा कि वह जानकारी देने के लिए पाबंद नहीं है। इसके बाद पुलिस की दो टीम दिल्ली के लाडो सराय और गुरुग्राम स्थित ट्विटर के कार्यालय पहुंची। दिल्ली पुलिस के PRO (जन संपर्क अधिकारी) चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीमें सामान्य प्रक्रिया के तहत ट्विटर इंडिया को नोटिस देने के लिए उसके दफ्तरों में गई थी।
Published on:
25 May 2021 02:28 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
