नई दिल्ली। मालदीव और भारत के बीच सैन्य साझेदारी को लेकर हालात बिगड़ते जा रहे हैं। मालदीव ने भारत को झटका देते हुए उसका दिया तोहफा वापस ले जाने को कहा है। दरअसल भारत सरकार ने मालदीव को दो नौसेना हेलीकॉप्टर ध्रुव को तोहफे के तौर पर दिए थे जिसका इस्तेमाल वह अपने द्वीपों की निगरानी के लिए करता है। सूत्रों के मुताबिक मालदीव ने पहले एक ही हेलिकॉप्टर को लौटाने को कहा था, मगर अब वह दोनों को वापस करने की बात कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मालदीव की अब्दुल यामीन सरकार भारतीय नौसेना की देश में उपस्थिति को लेकर तनाव में है और वह चाहती है कि भारत यहां से अपना कैंप वापस ले जाए।