महाभारत में संजय का किरदार निभाने वाले नीलकमल (47) आंखें, बागबान और मंगल पांडे समेत कई फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवा चुके हैं। बताया जा रहा है कि अमरोहा के मोहल्ला मंडी चौब निवासी नीलकमल मैढ़ गुरुवार सुबह किसी काम से नगर पालिका गए थे। वहां से करीब एक घंटे बाद वह वापस घर पहुंचे तो उन्होंने अपनी पत्नी वंशिका से सीने में हल्के दर्द की शिकायत की। थोड़ी ही देर में वह गिर पड़े। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि उनका निधन दिल का दौरा पड़ने के कारण हुआ है। इसकी सूचना मिलने पर लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार शाम को ही रेलवे स्टेशन स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैकड़ों लोग उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए। वह अपने पीछे पत्नी वंशिका, बेटे इंद्रवीर और बेटी पलपल को छोड़ गए हैं।