
Moradabad : प्रिंसिपल के ट्रांसफर दुखी बच्चों ने रैली निकालकर लगाया जाम, बोले- मैडम को नहीं जाने देंगे।
मुरादाबाद जिले के एक इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल के ट्रांसफर से स्टूडेंट्स इतने दुखी हुए कि विरोध में रैली ही निकालकर रोड जाम कर दिया। इस दौरान बच्चों ने कहा कि वह अपनी बबीता मैडम को किसी भी कीमत पर नहीं जाने देंगे, क्योंकि बबीता मैडम ने ही अच्छा काम करके स्कूल को नंबर वन बनाया है। इस दौरान कुछ छात्र भावुक भी नजर आए। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी भी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और बच्चों को समझाया। इसके बाद बच्चों का गुस्सा शांत हुआ और रोड से हट गए। इस तरह काफी देर बाद रोड पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।
दरअसल, यह मामला मुरादाबाद जिले के रतनपुर कलां गांव स्थित राजकीय इंटर कॉलेज का है। इस कॉलेज में एक साल से बबीता मेहरोत्रा प्रभारी प्रधानाचार्य हैं। इसके साथ ही बबीता बच्चों को साइंस भी पढ़ाती हैं। बच्चों को उनके साइंस पढ़ाने और स्कूल चलाने का अंदाज बेहद पसंद है और वह सभी बच्चों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। उन्हीं के अच्छे कार्यों के चलते स्कूल नंबर एक पर आ गया है। इसी बीच अचानक बबीता मेहरोत्रा के ट्रांसफर ऑर्डर आ गए हैं, जिससे स्कूल के स्टूडेंट्स बेहद नाराज हैं।
जाम में फंसे रहे कई वाहन
बबीता मेहरोत्रा के ट्रांसफर से बच्चों में गुस्सा भी दिख रहा है। इसी वजह से बच्चों ने तबादले के विरोध में रैली निकालते हुए रोड जाम कर दिया। इस दौरान बच्चों ने 'हम अपनी मैडम को नहीं जाने देंगे' के नारे भी लगाए। रैली के चलते रोड जाम हो गया और कई वाहन जाम में फंस गए।
प्रिंसिपल ने ट्रांसफर को बताया राजनीतिक साजिश
जाम की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चों को समझाते हुए वापस स्कूल भेज दिया। इसके बाद रोड यातायात सुचारू हो सका। वहीं, प्रिंसिपल बबीता मेहरोत्रा ने बताया कि उनकी मेहनत से ही स्कूल नंबर वन बना है। अब अचानक ट्रांसफर कर दिया गया है। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश करार दिया है।
Published on:
2 Aug 2022, 2:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.