
हैवानियत: नहीं उठा यूपी 100 का फोन, दबंगों ने रेप के बाद महिला को ज़िंदा फूंका
संभल: सूबे में लोगों की हिफाजत के लिए शुरू की गयी यूपी 100 सेवा एक बार फिर फेल साबित हुई। जी हां जनपद के रजपुरा थाना क्षेत्र में दबंगों ने न सिर्फ महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया बल्कि उसे गांव से बाहर ले जाकर ज़िंदा फूंक के मार दिया। किसी तरह उसने खुद को बचाने के लिए यूपी 100 नम्बर मिलाया लेकिन वो रिसीव ही नहीं हुआ। उसने ये बात अपने ममेरे भाई को भी बताई। जब तक उसका भाई परिजनों को लेकर गांव पहुंचा तब तक महिला की जलाकर हत्या की जा चुकी थी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई है। उधर मौके पर पहुंची पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शूरू कर दी है। फ़िलहाल सभी आरोपी गांव के ही बताये जा रहे हैं और फरार हैं।
नहीं उठा यूपी 100
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के गांव पाठकपुर निवासी महिला का पति एन सी आर में मजदूरी करता है। जबकि महिला अपने 14 साल के बेटे व 9 साल की बेटी के साथ गांव में ही रहती है।शुक्रवार रात को उसका बेटा अपनी बुआ के घर ही रुक गया और मां बेटी अकेले घर पर थीं। दबंगों को इस बात का एहसास होते ही वे रात में महिला के घर धमक पड़े और तमंचे के बल पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। और धमकी देते हुए चले गए। महिला ने इसके बाद मदद के लिए यूपी 100 का नम्बर भी मिलाया,लेकिन रिसीव ही नहीं हुआ। इसके बाद महिला ने अपने ममेरे भाई को फोन लगाकर पूरी घटना बताई। उसने भी पुलिस को फोन लगाने के लिए कहा। उधर दबंग आधी रात के बाद फिर पहुंचे और महिला को गांव के बाहर बनी झोपडी में ले गए और जलाकर मार डाला।
इन दबंगों ने की वारदात
सुबह जब ममेरा भाई परिजनों के साथ गांव पहुंचा तो खुलासा हुआ। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। परिजनों ने गांव के ही आराम सिंह यादव,महावीर सिंह,चरन सिंह,गुल्लू व भौना के खिलाफ हत्या और सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। एसपी संभल आर एम भारद्वाज ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। वहीँ उन्होंने यूपी 100 का फोन न उठने पर जांच की बात कही है।
मृतका का आखिरी ऑडियो वायरल
इस मामले में मृतका की बेटी चश्मदीद गवाह है,पुलिस ने उसे मीडिया के सामने नहीं आने दिया गया। लेकिन मौत से पहले महिला की ममेरे भाई से हुई बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ है। जिसमें महिला ने सभी आरोपियों के नाम और उसके साथ हुई घटना जिक्र किया है। फ़िलहाल घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गयी है।
Published on:
15 Jul 2018 10:23 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
