
,,,,
मुरैना. मुरैना जिले के कैलारस में जनुआपुरा गांव के पास शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार कार सीधे पुल से करीब 100 फीट नीचे नाले में जा गिरी। इस घटना में कार चला रहे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं कार में सवार तीन अन्य युवक घायल हुए हैं जिनमें से एक की हालत गंभीर होने के कारण उसे मुरैना जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कार से घायलों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीधे पुल से नीचे जा गिरी तेज रफ्तार कार
जानकारी के मुताबिक पाटौन गांव से उम्मेद आदिवासी, स्वरूप आदिवासी, पप्पू आदिवासी निवासी पाटौन पहाडगढ़ से नया गांव जा रहे थे। इसके लिए उन्होंने कैलारस से एक कार किराए पर की थी। कार को मंगल सिंह चला रहा था, तीनों युवक कार में सवार होकर नयागांव की ओर जा रहे थे तभी पहाडगढ़ से लगभग 30 किमी निकलकर कंहारपुरा पंचायत के जनुआपुरा के एक नाले के पुल से गुजरते वक्त ड्राइवर ने कार पर से नियंत्रण खो दिया जिसके कारण कार सीधे तेज रफ्तार में पुल से करीब 100 फीट नीचे नाले में जा गिरी। जिससे कार ड्राइवर मंगल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उधर उम्मेद, स्वरूप, पप्पू घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल उम्मेद आदिवासी को मुरैना रेफर कर दिया जबकि स्वरूप व पप्पू को मामूली चोट आने पर पहाडगढ़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर के लिए रवाना कर दिया।
स्थानीय लोगों की मदद से कार को नाले से निकाला
कार पुल से सीधे नाले के पानी में गिरी थी। वहीं पुल से कार के नाले में गिरने की खबर लगते ही मौके पर लोगों की भीड़ लग गई । घटना का पता चलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और नाले में गिरी कार को लोगों की मदद से रस्सियों के सहारे खींचकर बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना के वक्त कार की रफ्तार काफी तेज थी।
Published on:
13 Aug 2022, 10:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.