महाराष्ट्र (Maharashtra) के पुणे (Pune) जिले के दौंड (Daund) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार को एक कचरे के ढेर में एक नवजात शिशु का शव और पांच से छह शिशुओं के शरीर के अंग बरामद किए गए। ये अवशेष प्लास्टिक के कंटेनरों में भरकर खुले इलाके में फेंके गए थे। यह मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुणे पुलिस के डीएसपी पंकज देशमुख (DSP Pankaj Deshmukh) ने बताया कि जिस स्थान पर ये शव मिले, उसके पास ही एक नर्सिंग होम स्थित है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि ये अवशेष उस नर्सिंग होम से संबंधित हो सकते हैं। पुलिस अब यह पता लगाने के लिए जांच कर रही है कि शिशुओं के शव वहां कैसे पहुंचे और इसके पीछे कोई अपराध तो शामिल नहीं है।
इस घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें प्लास्टिक के कंटेनरों में भरे शरीर के अंग अस्पताल के कचरे के साथ पड़े दिखाई दे रहे हैं। इस चौंकाने वाली घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पंचनामा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
डिप्टी एसपी बापूराव ताडस ने बताया कि बोरवाके नगर में एक पेट्रोल पंप के पास कुछ प्लास्टिक के जार पड़े मिले। जब उन्हें खोला गया, तो एक जार में नवजात शिशु का शव था, जबकि सात से आठ जार में शिशुओं के शरीर के अंग थे।
पुलिस के साथ ही स्थानीय प्रशासन भी इस बात की जांच कर रहा है कि क्या यह किसी अस्पताल या नर्सिंग होम की लापरवाही है, या फिर इसके पीछे कोई अवैध गतिविधि छिपी हुई है। पुलिस ने आसपास के अस्पतालों और नर्सिंग होम के रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये नवजात शव कहां से आए और उन्हें खुले में क्यों फेंका गया।
मुंबई एयरपोर्ट पर मिला नवजात का शव
पुणे की भयावह घटना के एक दिन बाद, मुंबई एयरपोर्ट पर झकझोर कर रख देने वाला मामला सामने आया। मुंबई एयरपोर्ट (Mumbai Airport) पर टॉयलेट के डस्टबिन में नवजात का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सहार पुलिस (Sahar Police) ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने नवजात को वहां छोड़ने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।