
प्रशांत किशोर के NCP से जुड़ने की अटकलों पर CM फडणवीस का पहला बयान
Prashant Kishor BJP NCP Controversy: जन सुराज पार्टी के संस्थापक और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) द्वारा सलाहकार नियुक्त किए जाने की चर्चाओं पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है।
भाजपा के कथित असंतोष और इन खबरों के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है कि उन्होंने किसे नियुक्त किया है। मुझे इस संबंध में कोई आधिकारिक या औपचारिक जानकारी भी नहीं मिली है। इसलिए, मैं उनसे बात करने के बाद ही इस विषय पर कुछ टिप्पणी कर सकूंगा।
द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, राजनीतिक रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर ने गुरुवार को महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार से मुंबई स्थित उनके सरकारी आवास 'देवगिरी' में मुलाकात की। पार्टी से जुड़े एक पदाधिकारी के मुताबिक, इस बैठक में महाराष्ट्र में एनसीपी के संगठन को और मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रशांत किशोर हाल ही में बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में अपनी पार्टी जन सुराज पार्टी की जीत के बाद सुर्खियों में हैं। इसी बीच सुनेत्रा पवार के साथ उनकी मुलाकात ने राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। हालांकि, बैठक के बाद दोनों नेताओं की ओर से बातचीत के बिंदुओं को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता, महासचिव एवं मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रशांत किशोर को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रशांत किशोर अपनी जन सुराज पार्टी के जरिए भाजपा के खिलाफ चुनाव लड़ते हैं, जबकि दूसरी ओर राजनीतिक रणनीतिकार के रूप में अजीत पवार की एनसीपी के साथ काम करने की चर्चा है, जो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सहयोगी पार्टी है। अतुल लोंढे ने तंज कसते हुए लिखा कि राजनीति में विरोध और कमाई के लिए सहयोग, दोनों एक साथ कैसे संभव है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर सवाल उठाते हुए प्रशांत किशोर की राजनीतिक भूमिका और रणनीतिकार के तौर पर उनकी निष्पक्षता पर भी टिप्पणी की।
Updated on:
07 Aug 2026 05:56 pm
Published on:
07 Aug 2026 05:56 pm
