
कांग्रेस आलाकमान ने हर्षवर्धन सपकाल (Harshwardhan Sapkal) को महाराष्ट्र कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया है। वह नाना पटोले की जगह लेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे (Mallikarjun Kharge) ने गुरुवार को तत्काल प्रभाव से हर्षवर्धन सपकाल को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया। वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार (Vijay Wadettiwar) को एक बार फिर से विधायक दल का नेता बनाया गया है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले 57 वर्षीय सपकाल नाना पटोले की जगह लेंगे। पटोले ने पिछले साल नवंबर में विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख के पद से इस्तीफा दे दिया था। वह इस पद पर चार साल तक रहे।
वहीं, खड़गे ने महाराष्ट्र में कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में विजय वडेट्टीवार (Vijay Wadettiwar) की नियुक्ति को मंजूरी दी।
बुलढाणा के पूर्व विधायक हर्षवर्धन सपकाल कई वर्षों से पार्टी की संगठनात्मक मशीनरी का हिस्सा रहे हैं। वह कांग्रेस से जुड़े राजीव गांधी पंचायत राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, जो स्थानीय स्वशासन के सशक्तिकरण के लिए काम करता है। सपकाल अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव भी थे। उन्होंने गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में पार्टी के लिए भी काम किया है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महाविकास अघाड़ी (MVA) की करारी हार के बाद नाना पटोले ने महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। पटोले का यह इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस पार्टी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अब तक का सबसे खराब प्रदर्शन किया।
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति ने कांग्रेस पार्टी और महाविकास अघाड़ी को नवंबर में हुए विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त दी। कांग्रेस पार्टी ने राज्य में 103 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन सिर्फ 16 सीट ही जीत सकी।
इस साल के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता चुनाव हार गए। बालासाहेब थोराट, पृथ्वीराज चव्हाण, विजय वडेट्टीवार, यशोमति ठाकुर, माणिकराव ठाकरे जैसे दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। खुद साकोली सीट से चुनाव लड़ने वाले नाना पटोले ने सबसे कम अंतर से 208 वोटों से जीते थे।
2021 में महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने वाले पटोले अपने नेतृत्व को लेकर मुखर रहे हैं। उनकी अगुवाई में 2024 लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 सीटों पर जीत दर्ज की थी। लेकिन विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने कांग्रेस आलाकमान के सामने इस्तीफे की पेशकश की, जिसे पार्टी ने स्वीकार कर लिया।
Updated on:
13 Feb 2025, 8:42 PM IST
Published on:
13 Feb 2025, 7:37 PM IST
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.