27 अक्टूबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मुंबई लोकल के अचानक प्लेटफॉर्म बदलने की हुई घोषणा, पटरी पर कूदा 21 साल का साहिल और चली गई जान

Mumbai Local Train Update: सोमवार को पूरे दिन कांजूरमार्ग में सिग्नल खराबी से मध्य रेलवे की लोकल सेवाएं प्रभावित हुईं। तीन लोगों की मौत के बाद आज सुबह से उपनगरीय ट्रेनें समय पर चल रही हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

मुंबई

•

image

Dinesh Dubey

•

Updated: 27 Oct 2026, 9:56 AM IST

Mumbai local train disruption

अचानक दूसरे प्लेटफॉर्म पर आने लगी ट्रेन, पटरी पार कर रहे छात्र को एसी लोकल ने कुचला (Photo: IANS/File)

Sahil Thite Bhandup Station Accident: मध्य रेलवे (Central Railway) से सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए सोमवार का दिन किसी 'आफत' से कम नहीं था। कांजूरमार्ग स्टेशन (Kanjurmarg) पर सिग्नल सिस्टम में खराबी के कारण सोमवार को लोकल ट्रेन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। ट्रेनों में देरी, स्टेशनों पर भारी भीड़ और उद्घोषणाओं में स्पष्टता की कमी के चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश में तीन लोगों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हालांकि, मंगलवार सुबह रेलवे प्रशासन के अनुसार, लोकल ट्रेन सेवाएं अब समय पर चल रही हैं।

कांजूरमार्ग में सिग्नल खराबी से लोकल ट्रेनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक

मुंबई में मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए सोमवार का दिन काफी मुश्किल भरा रहा। कांजूरमार्ग स्टेशन पर सिग्नल सिस्टम में आई खराबी के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति को जल्द सामान्य करने में रेलवे प्रशासन को परेशानी हुई, जिससे मध्य रेलवे के कई स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई।

रेलवे के बयान के मुताबिक, कांजूरमार्ग स्टेशन पर सुबह करीब 9:33 बजे सिग्नलिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी आई थी। इस खराबी को शाम 7:35 बजे ठीक कर लिया गया। रेलवे की सभी छह लाइनों पर परिचालन बहाल कर दिया गया है।

रेलवे ट्रैक पर उतरे यात्री, 3 की मौत

लोकल सेवाएं प्रभावित होने के कारण कई यात्री अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रेलवे ट्रैक पर उतरकर पैदल चलने लगे। इस दौरान तीन लोगों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई।

भांडुप स्टेशन के पास एसी लोकल ट्रेन की चपेट में आने से 21 वर्षीय साहिल थिटे की जान चली गई। वहीं, घाटकोपर और विक्रोली रेलवे स्टेशनों के बीच राहुल राजभर (25) और खरबान राजभर (40) की भी ट्रेन से कटकर मौत हो गई। रेलवे पुलिस इन हादसों की जांच कर रही है।

लोकल पकड़ने की कोशिश में गई 21 वर्षीय साहिल की जान

भांडुप में हुई दुर्घटना में जान गंवाने वाला साहिल थिटे मुलुंड कॉलोनी के अमर नगर इलाके में रहता था। वह बीकॉम के अंतिम वर्ष का छात्र था और ठाणे में कंप्यूटर क्लास करने के बाद घर लौट रहा था।

जानकारी के मुताबिक, साहिल भांडुप स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर लोकल ट्रेन पकड़ने के लिए खड़ा था। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर लोकल आने की उद्घोषणा हुई। इसके बाद वह पटरियों के रास्ते दूसरी ओर जाने लगा, तभी वहां से गुजर रही एसी लोकल ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल साहिल की मौत हो गई।

परिजन बोले- रेलवे है जिम्मेदार, मांगा मुआवजा

साहिल की दो बहनें हैं। परिवार के लिए यह हादसा बड़ा सदमा है। परिजनों ने रेलवे प्रशासन को साहिल की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, मृतक साहिल के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की जा रही है।

मंगलवार सुबह यात्रियों को मिली राहत

सोमवार को हुई अव्यवस्था के बाद मंगलवार सुबह मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाओं को लेकर राहत की खबर सामने आई। रेलवे प्रशासन के अनुसार, फिलहाल लोकल ट्रेनें समय पर चल रही हैं।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि डाउन और अप दोनों दिशाओं में सेवाएं सामान्य हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से बदलापुर और कर्जत की ओर जाने वाली ट्रेनें भी निर्धारित समय के अनुसार चल रही हैं। लोकल ट्रेन सेवा सामान्य होने से आज लाखों मुंबईकरों को बड़ी राहत मिली है।

बड़ी खबरें

View All

मुंबई

महाराष्ट्र न्यूज़

ट्रेंडिंग