सभी बागी चुनाव हारेंगे- शरद पवार
पार्टी प्रमुख शरद पवार ने कहा कि सभी बागियों को एनसीपी से अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा। हालांकि पवार ने माना कि बीजेपी के साथ सरकार बनाने की बातचीत की गई थी। लेकिन गठबंधन का कोई फैसला नहीं हुआ था। उन्होंने कहा कि ये रूटीन बातचीत थी, जो राजनीति में अलग-अलग पार्टियों के साथ होनी जरूरी है, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि हम उनके साथ गठबंधन कर रहे हैं। पवार ने यह भी कहा कि सभी बागी एनसीपी विधायक चुनाव हार जायेंगे। इस दौरान एनसीपी सुप्रीमो ने घोषणा की कि वह महाराष्ट्र के बाहर भी रैलियां करेंगे।
छगन भुजबल को दी सेफ सीट
शरद पवार से जब पूछा गया कि उन्होंने अपने दौरे की शुरुआत नासिक से ही क्यों की। तो उन्होंने कहा कि आजादी के इतिहास में नासिक सबसे आगे है। कांग्रेस पार्टी का अधिवेशन भी यहीं हुआ था। इस शहर से कई नेता जन्मे हैं। शरद पवार ने आगे कहा कि 1980 में जब मैंने कांग्रेस छोड़ी तो नासिक जिले ने हमें सीटें जितवाया था। नासिक के नेताओं ने सुझाव दिया था कि छगन भुजबल को येवला से लड़ना चाहिए। हम भुजबल को एक सुरक्षित सीट पर लड़ाना चाहते थे, इसलिए हमने यहां भुजबल को उतारा और सफल हुए।