(पत्रिका ब्यूरो,मुंबई): हुक्का पार्लरों पर पाबंदी को लेकर महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से सुगबुगाहट थी, जिस पर रविवार को सरकार ने बंदी का ऐलान कर दिया है। देश में गुजरात के बाद अब महाराष्ट्र में भी हुक्का पार्लरों पर पाबंदी लग गई है। राज्य सरकार के गृह विभाग से जारी अधिसूचना के अनुसार, सिगरेट एवं तंबाकू उत्पादन संबंधी अधिनियम-2003 में संशोधन के तहत कानून का उल्लंघन करने पर एक लाख रुपए जुर्माना और 3 साल तक की सजा का प्रावधान है। विधानमंडल के नागपुर सत्र दिसंबर 2017 में बीजेपी विधायक मंगलप्रभात लोढा ने हुक्का पार्लरों पर पाबंदी का संशोधित विधेयक प्रस्ताव सदन में रखा था। इसी साल अप्रेल में यह विधेयक विधानमंडल ने पारित किया। फिर राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी की है।