4 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पुणे रेप-हत्याकांड: न्याय के लिए पिता की गुहार, शिंदे से कहा- योगी सरकार जैसा हो फैसला

Pune minor rape murder case: पुणे जिले के भोर क्षेत्र में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची से हैवानियत सामने आने के बाद राज्यभर में गुस्से की लहर दौड़ पड़ी गई है। 65 वर्षीय आरोपी को जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की मांग की जा रही है।

3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

May 04, 2026

Pune Nasrapur rape murder Case

पुणे रेप-हत्याकांड के पीड़ित पिता ने मांगा 'योगी मॉडल' न्याय (Photo: IANS)

महाराष्ट्र के पुणे जिले के भोर क्षेत्र में साढ़े तीन साल की मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और उसकी हत्या ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। इस अमानवीय घटना के बाद से ही जनता में भारी आक्रोश है और दोषी को तत्काल मौत की सजा देने की मांग उठ रही है। कोर्ट ने आरोपी को 7 मई तक पुलिस हिरासत में भेजा है। चौंकाने वाली बात यह है कि 65 वर्षीय आरोपी के खिलाफ पहले भी इसी तरह के दो मामले दर्ज किए गए थे, लेकिन सबूतों के अभाव में उसे बरी कर दिया गया। लेकिन इस बार उसे किसी कीमत पर नहीं बख्शने की मांग उठ रही है।

सरकार ने पीड़ित परिवार को दिया भरोसा

घटना के बाद पहले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतक बच्ची के पिता से बात की। रविवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी पीड़ित बच्ची के पिता से फोन पर बात की और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अमानवीय घटना है, जिसने इंसानियत को शर्मसार किया है।

शिंदे ने कहा कि वह लगातार पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं और इस मामले में हर संभव कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आरोपी को जीने का कोई अधिकार नहीं है और उसे फांसी की सजा दिलाने के लिए सरकार पूरी ताकत लगाएगी।

यह घटना 1 मई को पुणे जिले के भोर क्षेत्र हुई। नाबालिग लड़की गर्मी की छुट्टियों में भोर में रहने वाली अपनी नानी से मिलने आई थी। शुक्रवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे एक 65 वर्षीय व्यक्ति ने उसे बछड़ा दिखाने का लालच देकर घर से अपने साथ ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद सबूत मिटाने के इरादे से पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी को जिंदा नहीं रहने देंगे- शिंदे

पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि इस घटना पर पीड़ा जताने के लिए शब्द भी कम पड़ जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और आरोपी को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

उन्होंने पीड़ित पिता को आश्वासन देते हुए कहा, "हम एक ही परिवार के सदस्य हैं। मैं लगातार एसपी और पुलिस प्रशासन के संपर्क में हूं। जब तक उस दरिंदे को फांसी के फंदे तक नहीं पहुंचा देते, हम शांत नहीं बैठेंगे।"

पीड़ित पिता की मांग- योगी मॉडल जैसी सख्ती हो

इस बीच पीड़ित बच्ची के पिता ने भी अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि जिस तरह उत्तर प्रदेश में सख्त फैसले लिए जाते हैं, उसी तरह महाराष्ट्र में भी कड़ा कदम उठाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आरोपी को महीनों या सालों तक जिंदा नहीं रहना चाहिए, बल्कि जल्द से जल्द उसे सजा दी जानी चाहिए।

पीड़ित पिता की मांग- योगी सरकार जैसा हो फैसला

उपमुख्यमंत्री शिंदे से बातचीत के दौरान अपनी मासूम बेटी को खोने वाले पिता का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, जैसे उत्तर प्रदेश में योगी सरकार अपराधियों के खिलाफ तत्काल और कड़ा फैसला लेती है, वैसा ही निर्णय महाराष्ट्र सरकार को भी लेना चाहिए। आरोपी को महीनों या सालों तक जिंदा रहने का मौका नहीं मिलना चाहिए। ऐसे अपराधियों के मन में कानून का ऐसा खौफ होना चाहिए कि वे दोबारा ऐसी हिमाकत न कर सकें।

इससे पहले पुणे की घटना पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह बहुत ही निंदनीय है। चार साल की मासूम बच्ची के साथ एक 65 साल के व्यक्ति ने कुकर्म किया और उसकी हत्या भी कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ फास्ट-ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाएगा और हम उसके लिए मौत की सजा की मांग करेंगे।

15 दिनों में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी

पुणे (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ 1998 और 2015 में भी मामले दर्ज हुए थे, लेकिन दोनों मामलों में उसे बरी कर दिया गया था। आरोपी मजदूरी का काम करता है। इस मामले में पुलिस 15 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है।

इस घटना के बाद महाराष्ट्र में लोगों के बीच गहरा आक्रोश है। कई जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और आरोपी को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग जोर पकड़ रही है। अब सभी की नजरें पुलिस जांच और अदालत की कार्रवाई पर टिकी हैं, ताकि मासूम को न्याय मिल सके।