9 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजधानी एक्सप्रेस में आग का असर: मध्य रेलवे की ट्रेनें प्रभावित, कामायनी एक्सप्रेस का बदला समय

त्रिवेंद्रम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में मध्य प्रदेश के रतलाम में आज तड़के दो कोच में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। हालांकि इस हादसे के बाद दिल्ली-मुंबई लाइन बाधित होने से मध्य रेलवे की कई ट्रेने प्रभावित हुई।

2 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

May 17, 2026

Rajdhani Express fire Central Railway train status

राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग से रेल यातायात प्रभावित (Photo: Patrika)

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार तड़के त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग ट्रेन की दो एसी बोगियों तक पहुंच गई, लेकिन समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस घटना में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है।

यह हादसा कोटा रेल मंडल के लूणी रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच रविवार सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। सबसे पहले आग राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 एसी कोच में लगी, जिसमें उस समय 68 यात्री सवार थे।

दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित, कई ट्रेनें लेट

राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने के बाद दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसके चलते मध्य रेलवे की कई ट्रेनें देरी से चलीं और कुछ ट्रेनों को रीशेड्यूल करना पड़ा।

इसी बीच, मध्य रेलवे मुंबई मंडल ने ट्रेन नंबर 11071 एलटीटी-कामायनी एक्सप्रेस को भी रीशेड्यूल करने की घोषणा की है। रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, यह ट्रेन आज (17 मई) अपने निर्धारित समय दोपहर 1:50 बजे के बजाय अब शाम 3:30 बजे रवाना होगी।

15 मिनट में खाली कराया गया पूरा कोच

आग लगने की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), ट्रेन स्टाफ और रेलवे अधिकारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया। एहतियात के तौर पर आसपास की बोगियों से भी यात्रियों को बाहर निकाला गया।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे अधिकारियों ने प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर ओवरहेड इलेक्ट्रिक सप्लाई (OHE) भी बंद कर दी गई।

कोटा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

क्या है ताजा अपडेट

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि जिन यात्रियों को प्रभावित कोच से बाहर निकाला गया, उन्हें आगे की यात्रा के लिए दूसरी बोगियों में स्थानांतरित किया गया। राजधानी एक्सप्रेस शुक्रवार को केरल के तिरुवनंतपुरम से रवाना हुई थी और इसे रविवार दोपहर 12:30 बजे दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचना था।

पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय के सीपीआरओ हर्षित श्रीवास्तव के मुताबिक, ट्रेन वहीं खड़ी (सुबह 9 बजे तक) है और जैसे ही डीजल इंजन आएगा, इसे आगे के सफर के लिए रवाना किया जाएगा। प्रभावित यात्रियों को भोजन-पानी उपलब्ध कराया गया है और उन्हें अन्य कोचों में समायोजित किया जाएगा। इसके अलावा, कोटा में प्रभावित यात्रियों के लिए एक नए कोच की व्यवस्था की जा रही है, ताकि उन्हें किसी भी तरह की असुविधा न हो। आग लगने का कारण अभी तक पता नहीं चला है और तत्काल जांच के आदेश दे दिए गए हैं।