
समृद्धि महामार्ग पर हादसा
Maharashtra Buldana News: महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। इसी महामार्ग पर रविवार को फिर एक भयानक हादसा हो गया। बुलढाणा जिले के मेहकर के पास एक कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए।
समृद्धि महामार्ग पर हादसों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि इस बहुप्रतीक्षित मार्ग के बनने के बाद इस पर दुर्घटनाओं को कैसे रोका जाये। समृद्धि हाईवे पर आज हुए भीषण हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा तेज रफ्तार कार के पलटने से हुआ। मिली जानकारी के मुताबिक यह कार औरंगाबाद से शेगांव जा रही थी। कार में कुल 12 लोग सवार थे। महकर के पास सिवेनी पीसा गांव के नजदीक नागपुर कॉरिडोर पर कार अचानक पलट गई। यह भी पढ़े-Pune News: मोटरसाइकिल पर बना रहे थे इंस्टाग्राम रील्स, महिला को उड़ाया, हुई मौत
इस दर्दनाक हादसे में मरने वालों में दो बच्चे और तीन महिलाएं हैं। बताया जा रहा है कि हादसे में 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी पीड़ित एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों का मेहकर अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद समृद्धि महामार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
बता दें कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) की एक रिपोर्ट के अनुसार, देश में 2021 में कुल 4,12,432 सड़क दुर्घटनाएं हुईं जिनमें 1,53,972 लोगों की जान चली गई और 3,84,448 लोग घायल हुए। सीट बेल्ट नहीं पहनने के कारण 2021 में सड़क दुर्घटनाओं में 16,397 लोगों की जान गई। जिसमें 8,438 वाहन चालक थे और बाकि 7,959 यात्री थे।
Published on:
12 Mar 2023 12:46 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
