
बागी 12 सांसदों को अयोग्य ठहराने की मांग, राउत ने लोकसभा अध्यक्ष से की मुलाकात
मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में जारी उठापटक के बीच शिवसेना के नेता संजय राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाला पार्टी समूह राज्य में मध्यावधि विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है। उन्होंने इस दौरान एकनाथ शिंदे खेमे पर निशाना साधा और कुछ बागियों के वापस लौटने की उम्मीद भी जताई।
एक दिन पहले ही राष्ट्रवादी कांग्रेस (एनसीपी) पार्टी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार को महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष का नया नेता चुना गया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बीजेपी के समर्थन से महाविकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार के पतन के बाद 30 जून को शपथ ग्रहण ली थी। उन्होंने सोमवार को नई सरकार के लिए 'विश्वास मत' हासिल किया। शिंदे सरकार में बीजेपी के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस डिप्टी सीएम है। यह भी पढ़ें-Eknath Shinde Property: मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से 12 गुना ज्यादा अमीर हैं शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे, जानें किसके पास कितनी संपत्ति
कुछ बागी विधायकों के लौटने की संभावना जताते हुए शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा “अगर किसी को गुमराह कर, फंसाकर लेकर गए हैं तो हमें अभी भी उम्मीद है कि वे वापस आएंगे। वे भी हमारे ही लोग हैं। सुबह का भूला शाम को लौट आए तो उसे भूला नहीं कहते। यह जो भूले बिखरे लोग हैं आ जाएंगे।“
उन्होंने कहा “200 सीट जीतने की बात यह (एकनाथ शिंदे खेमा) नहीं दिल्ली (बीजेपी) वाले कर रहे हैं। हम मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार हैं, क्या वे तैयार हैं? अगर अभी चुनाव होता है तो हम 100 से ज़्यादा सीटें जीतेंगे। ममता बनर्जी ने कहा है, सिर्फ पैसा नहीं बल्कि और भी कुछ मिला है।”
एकनाथ शिंदे खेमे द्वारा शिवसेना नेताओं को अयोग्य नोटिस भेजने पर शिवसेना के मुख्य प्रवक्ता राउत ने कहा “उन्हें (नोटिस) भेजने दीजिए, यह एक प्रक्रिया है। आदित्य ठाकरे जी को छोड़कर बाकी को दिया गया है, यह मुझे नहीं पता। जिन 14 विधायकों को नोटिस भेजा गया वे भी बालासाहेब ठाकरे के चेले और शिवसैनिक हैं।”
Published on:
5 Jul 2022, 12:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.