
ठाणे में ठाकरे गुट के नेता प्रदीप पूर्णेकर की हत्या, दो संदिग्ध हिरासत में (Photo:X/@AniketWagharal3)
Shiv Sena UBT leader shot dead: महाराष्ट्र के ठाणे में शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के विभाग प्रमुख प्रदीप (बाला) पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मानपाड़ा के गणेश नगर स्थित उनके कार्यालय में उन पर जानलेवा हमला किया गया। हमले में घायल प्रदीप पूर्णेकर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने प्रदीप पूर्णेकर पर दो राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद धारदार हथियार से भी हमला किया। वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। इस घटना से महाराष्ट्र के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।
प्रदीप पूर्णेकर पर हुए हमले से जुड़ा पहला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसे पूरे मामले में अहम सबूत माना जा रहा है। फुटेज में चेहरे पर रूमाल बांधे दो लोग मोटरसाइकिल से उद्धव गुट के नेता पूर्णेकर के कार्यालय की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस को इस हत्याकांड में कुल पांच लोगों के शामिल होने का संदेह है। इनमें निखिल यादव, पप्या शिंदे, आकाश निमसे, संतोष कनोजिया और एक अज्ञात व्यक्ति का नाम सामने आया है। पुलिस ने पप्या शिंदे और आकाश निमसे को हिरासत में लिया है। अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच और पुलिस की कुल नौ टीमें बनाई गई हैं।
पुलिस उपायुक्त प्रशांत कदम ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की नौ टीमें काम कर रही हैं। कापूरबावड़ी पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस हमले के पीछे की वजह, साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
प्रदीप पूर्णेकर के बेटे राम पूर्णेकर ने मीनाक्षी शिंदे और राजेंद्र शिंदे पर अपने पिता को धमकी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि राजेंद्र शिंदे ने इस पूरी घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी। राम पूर्णेकर ने कहा कि जब तक उनके पिता को न्याय नहीं मिलता, तब तक वह धरना देंगे।
वहीं, प्रदीप पूर्णेकर के बड़े भाई जयनाथ पूर्णेकर ने दावा किया कि गणेश उत्सव के समय से ही संदिग्ध लोग इलाके की रेकी कर रहे थे। उन्होंने पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने की मांग की है।
प्रदीप पूर्णेकर पर हमला किसने कराया, हत्या के पीछे क्या वजह थी और इस वारदात में कितने लोग शामिल थे, इन सभी सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है। सीसीटीवी फुटेज, हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
Updated on:
30 Sept 2026 08:42 am
Published on:
30 Sept 2026 08:18 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
