शामली. जिले में 3 छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है तीनों छात्राएं कस्तूरबा गांधी विद्यालय की हैं, जो स्कूल में बने छात्रावास में ही रहती हैं। स्कूल प्रबंधक का कहना है कि तीनों छात्राएं शनिवार शाम को छात्रावास से बाहर निकली थीं, जिसके बाद से वापस नहीं लौटी हैं। स्कूल प्रशासन ने छात्राओं को तलाशने का काफी प्रयास किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग पाया। इसके बाद छात्राओं के परिजनों को सूचना दी गई, लेकिन स्कूल प्रशासन ने जानकारी पुलिस को देने की जहमत तक नहीं उठाई। सूचना के बाद स्कूल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बता दें कि घटना के करीब 5 घंटे बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। छात्राओं के छात्रावास से लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग व जिला प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। शामली डीएम, एसपी, एडीएम और बीएसए सहित कई थानों की पुलिस मौके पर मामले की जांच में जुट गई है।