दरअसल, जनपद मुजफ्फरनगर की शहर सीट से विधायक कपिल देव अग्रवाल को प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और चरथावल विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजय कश्यप को राजस्व एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग का राज्यमंत्री बनाया गया है। मंत्री बनने के बाद दोनों विधायक शनिवार को पहली बार गृह जनपद मुजफ्फरनगर पहुंचे थे। दोनों मंत्रियों के स्वागत के लिए मुजफ्फरनगर में अनेक स्थानों पर स्वागत समारोह का आयोजन किया गया था। जनपद से बड़ी संख्या में भाजपा नेता तथा कार्यकर्ता दोनों मंत्रियों का स्वागत करने के लिए मेरठ के सर्किट हाउस पर पहुंच गए थे। इसके बाद सर्किट हाउस से दोनों मंत्रियों का काफिला मुजफ्फरनगर के लिए चला। उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान, विधायक उमेश मलिक, विधायक प्रमोद ऊंटवाल सहित भाजपा के अनेक बड़े नेता भी मौजूद थे।