
मुजफ्फरनगर. जम्मू-कश्मीर से धारा-370 हटाये जाने पर एक कार्यक्रम के दौरान खतौली सीट से भाजपा विधायक विक्रम सैनी के आपत्तिजनक बयान को लेकर जहां सोशल मीडिया बहस छिड़ी है। अभिनेत्री रिचा चड्ढा की टिप्पणी पर भाजपा विधायक सैनी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए करारा जबाब दिया है। वहीं फेसबुक पर एक व्यक्ति ने भाजपा विधायक विक्रम सैनी के परिजनों को लेकर बेहद घटिया पोस्ट वायरल कर दी है। इस पोस्ट पर आगबबूला हुए विधायक विक्रम सैनी ने कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है।
बता दें कि फेसबुक पर सहारनपुर निवासी इंजीनियर राव अजहर प्रिंस के नाम से बनी आईडी द्वारा भाजपा विधायक विक्रम सैनी के परिजनों को लेकर विवादास्पद पोस्ट की गई थी। जैसे ही पोस्ट वायरल हुई इस पर हंगामा मच गया। बताया जा रहा है कि विवाद होने के बाद यह फेसबुक पोस्ट हटा ली गई, लेकिन तब तक वह काफी वायरल हो चुकी थी। विधायक विक्रम सैनी ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि ये गंदी मानसिकता के लोग हैं। इनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही कराई जाएगी। इस संबंध में खतौली विधायक विक्रम सैनी के प्रतिनिधि पूर्व सभासद पंकज भटनागर ने आरोपी इंजीनियर राव अजहर प्रिंस निवासी सहारनपुर के विरूद्ध खतौली कोतवाली मे मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आईटी एक्ट मे मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
ये है पूरा मामला
बता दें कि भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने बॉलीवुड एक्ट्रेस रिचा चड्ढा के ट्वीट पर सफाई पेश करते हुए कहा था कि रिचा उनकी बहन और बेटी जैसी हैं, लेकिन जिसकी जैसी सोच होगी, वह वैसा ही बोलेगा या लिखेगा। उन्होंने कहा कि मैंने कुछ गलत नहीं कहा था। रिचा को पहले वीडियो देखना चाहिए था व इसके बाद ही प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी। उनको अपनी मानसिकता ठीक करने की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि मैंन सिर्फ शादी करने की बात की थी न कि किसी को भगाने की। जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल-370 हटने के बाद कश्मीर के लड़के-लड़कियां देश के अन्य राज्यों में भी शादी कर सकते हैं तो इसी तरह अन्य प्रदेशों के लड़के-लड़कियां भी कश्मीर में शादी कर सकते हैं।
Published on:
11 Aug 2019, 9:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.