
सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने कॉलेस प्रबंधन पर लगाए गंभीर आरोप, बोले- ‘छोड़ देंगे पढ़ाई’
मुजफ्फरनगर। जिले के शाहपुर में तीन दिन पहले कॉलेज प्रबंधक व छात्र-छात्राओं के बीच हुआ विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। प्रबंधक द्वारा छात्र-छात्राओं के साथ किए गए दुर्व्यवहार व इसका विरोध कर रहे छात्र-छात्राओं पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को सैकड़ों छात्र डीएम कार्यलय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन एडीएम को सौपा और कॉलेज प्रबंधक पर कार्रवाई की मांग की। छात्र-छात्राओं ने कहा कि अगर कॉलेज प्रबंधक पर कार्रवाई नहीं होती तो हम पढ़ाई ही छोड़ देंगे और कॉलेज नहीं जाएंगे।
दरअसल, आरोप है कि तीन दिन पूर्व शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर कस्बे के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के प्रबंधक राहुल कुटबी द्वारा कॉलेज के छात्रों के साथ मारपीट करते हुए सामूहिक रूप से दर्जनों छात्रों का मुंडन करा दिया था। इसके साथ ही छात्राओं के साथ मारपीट कर आपत्तिजनक शब्द कहकर अपमानित करने का आरोप लगा है। जिसके बाद गुस्साए छात्र-छात्राओं द्वारा शाहपुर बुढ़ाना मार्ग जाम कर जमकर नारेबाजी की गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र छात्राओं पर लाठी चार्ज कर उन्हें खदेड़ दिया था। जिसमें कई छात्र घायल हो गए थे।
जिसके बाद से छात्र-छात्राओं व कॉलेज प्रबंधक के बीच पनपा ये विवाद अभी खत्म नहीं हुआ है। आज फिर सैकड़ों छात्र-छात्राएं डीएम आफिस पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। यहां उन्होंने जिलाधिकारी के नाम एक ज्ञापन एडीएम को सौंपा। छात्राओं ने ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से गुहार लगाते हुए कॉलेज प्रबंधक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
छात्र-छात्राओं का कहना है कि कॉलेज का प्रबंधक तानाशाही चलाता है। कभी बच्चों से मारपीट तो कभी गंजा कर देता है। इतना ही नहीं, छात्राओं को आपत्तिजनक बाते कहकर अपमानित करता है और अभिभावकों के बारे में बच्चों को गन्दी गन्दी बाते कर शर्मशार करता है।
Updated on:
18 Sep 2018, 2:07 PM IST
Published on:
18 Sep 2018, 2:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.