बता दें कि एटीएम से चोरी का पता उस समय लगा जब एटीएम का कैश खत्म हो गया और बैंक खुलने पर उसकी शिकायत मैनेजर से की गई। मैनेजर ने जब चेक किया तो मशीन से सारा कैश गायब था, जिसकी शिकायत बैंक मैनेजर ने पुलिस से की और सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चोर की तलाश शुरू कर दी थी। घटना के 6 माह बीत जाने के बाद शामली जनपद की बाबरी पुलिस ने एटीएम चोर चेतन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए चोर से जब वारदात के बारे में पूछा तो जो कुछ आरोपी चेतन ने बताया वह हैरान कर देने वाला था। चोर ने बताया कि इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड इसी बैंक की दूसरी शाखा बनतीखेड़ा गांव का मैनेजर रोबिन बंसल है। आरोपी ने बताया कि रोबिन बंसल ने ही उसे चार दिन तक एटीएम से चोरी करने की ट्रेनिंग दी थी और एटीएम से चोरी करने की एवज में 50 हजार रुपए भी दिए थे। आरोपी के पकड़े जाने के बाद से ही बैंक मैनेजर फरार हो गया है। फिलहाल पुलिस ने चोर को जेल भेज दिया है और चोरी की इस वारदात में संलिप्त बैंक मैनेजर रोबिन बंसल की तलाश शुरू कर दी है।