
nagaur news
नागौर. बीआर मिर्धा कॉलेज व माडी बाई महिला महाविद्यालय की घोषणाएं अधूरी छोडऩे वाले मंत्री/विधायक/जनप्रतिनिधियों के विरोध में अब छात्र संगठन खुलकर मैदान में आ गए हैं। जनता के समक्ष थोथी घोषणाओं को लाने के लिए छात्र संगठन बैनर लगवाने जा रहे हैं। शहर के प्रमुख चौराहों पर लगने वाले बैनरों में चार बरस से की जा रही घोषणाओं के हालात का जिक्र होगा। छात्रों ने मंगलवार से जिले के जनप्रतिनिधियों के लिए चंदा एकत्रित करना शुरू किया था। जिसमें छात्र कम से कम एक रुपए और इससे ज्यादा अपनी सार्थक के अनुसार देने को कह रहे है। यह राशि नेताओं को थमाई जाएगी। छात्रों ने बताया चंदे को लेकर बुधवार को रसीद बुक छपवाई गई है। जो भी चंदा देंगे उन्हें रसीद दी जाएगी गौरतलब है कि राजस्थान पत्रिका ने रविवार को प्रकाशित अंक में 'घोषाणाएं बड़ी-बड़ी पर समस्याएं ज्यों की त्यों खड़ी' शीर्षक से प्रकाशित खबर में नेताओं की थोथी घोषणाओं का खुलासा किया था।
पूरी करें घोषणाएं
मंत्री/जनप्रतिनिधियों की घोषणा/वादे आज तक पूरे नहीं हुए। जिसको लेकर छात्रसंघ अध्यक्षों को चाहिए कि जिसने भी इन्हें आमंत्रित किया था वो इनके पास जाएं और बात करें। कॉलेज अतिक्रमण मामले में निर्दोष छात्राओं को गिरफ्तार किया गया। सांसद, विधायक वोटों की राजनीति के खातिर नहीं बोले। चलो, कोई बात नहीं लेकिन अब शर्म हो तो घोषणाएं पूरी करें।
रेखा बेड़ा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष, माडी बाई मिर्धा महिला महाविद्यालय
अब युवा बताएंगे कैसे होगी घोषणा पूरी
नेताओं ने युवाओं को आज तक केवल वोट बटोरने के लिए ही उपयोग किया है। अब वो समय आ गया है जब युवा बताएंगे कि घोषणाएं कर पूरी नहीं करने से क्या होता है। गुरुवार से शहर के प्रमुख चौराहों पर घोषणाएं पूरी नहीं करने वाले नेताओं के पोस्टर लगाए जाएंगे। अलग-अलग प्रकार से विरोध जारी रहेगा।
सुरेन्द्र दौतड़, छात्रसंघ अध्यक्ष, बीआर मिर्धा महाविद्यालय
Published on:
24 May 2018 12:39 pm
