Rajasthan Triple Murder: नागौर जिले के पादूकलां कस्बे में एक युवक ने शनिवार देर रात अपने माता-पिता और दिव्यांग बहन की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद वह रातभर शवों के पास बैठा रहा और रविवार सुबह खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। एसपी नारायण टोगस ने बताया कि आरोपी मोहितसिंह (21) ने अपने पिता दिलीप सिंह राजपूत (45), मां राजेश कंवर (42) और बहन प्रियंका (15) की हत्या कर दी। मोहित ने पहले मां व बहन पर हमला किया। उनकी चीख सुनकर कमरे में आए पिता पर भी कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस ने आरोपी मोहित को हिरासत लेकर पूछताछ शुरू की है। मृतक दिलीप सिंह के बड़े भाई पप्पू सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। इधर, इस घटना के विरोध में रविवार को पादूकलां में बाजार बंद रहे।