पादूकलां/नागौर. अजमेर-बीकानेर 89 बायपास पर बुधवार सुबह करीब ग्यारह बजे चलती बाइक में जोरदार विस्फोट हो गया। जिससे युवक के चिथड़े उड़ गए। तेज धमाके के दौरान बाइक व युवक के शरीर के हिस्से दूर तक बिखर गए। विस्फोट के कारण का खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस का मानना है कि युवक के पास विस्फोटक सामग्री थी। युवक विस्फोटक सामग्री की सप्लाई का काम करता था।
सूचना मिलने पर पादूकलां थानाधिकारी जगनलाल मीणा, थांवला थानाधिकारी महावीरसिंह, डेगाना थानाधिकारी रामवीर,डेगाना पुलिस उपाधीक्षक अंतरसिंह श्योरान घटनास्थल पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद ही नागौर एसपी परिस देशमुख व नागौर एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंच गई। एफएसएल टीम के प्रभारी रामावतार प्रजापत व जयनारायण प्रजापत ने तथ्य जुटाए। एसपी परिस देशमुख ने बताया कि मृतक की शिनाख्त जोधपुर निवासी मुबारक (47) पुत्र सुबान खां के रूप में हुई है।