
नागौर। श्रीबालाजी थाना इलाके के थलांजू गांव में सड़क हादसे में पति मुकुनाराम (23) की मौत के दो दिन बाद बुधवार को देर रात पत्नी पूजा (20) ने टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली। दोनों की करीब सवा साल पहले शादी हुई थी। बमुश्किल चौथी बार पूजा अपने ससुराल आई थी। सोमवार को वह अपने पति के साथ किसी सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने निकली थी।
रास्ते में भजन गायक ओम मुण्डेल की लग्जरी गाड़ी की टक्कर से पहले उसके पति मुकुनाराम की सांस टूट गई। इससे सदमे में आई पूजा ने भी टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली। कुछ स्थानीय लोगों ने शुरुआत में विरोध दर्ज जताते हुए हादसे की जांच व आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की थी। मामला बाद में समझाइश के बाद सुलट गया। एसडीएम सुनील पंवार समेत अन्य अिधकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
सदर थाना एएसआई महावीर सिंह ने बताया कि सोमवार की रात करीब पौने आठ बजे सुखवासी और सिंगड़ के बीच नायरा पेट्रोल पंप के पास मुकुनाराम की बाइक को गलत दिशा में आ रही लग्जरी गाड़ी ने टक्कर मार दी। घायल मुकुनाराम व पूजा को गोकुलराम के साथ मौके पर पहुंची पुलिस अस्पताल ले गई जहां मुकुनाराम की मौत हो गई, जबकि पूजा घायल।
पति की मौत से दु:खी पूजा बार-बार बेसुध होती रही। बुधवार की देर रात पता नहीं कब उसने टांके में जाकर अपनी जान दे दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह पालावत मय टीम मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। दोनों पक्षों की मौजूदगी में मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सौंप दिया।
पुलिस की कोशिश से खुला खेल
पुलिस ने दुर्घटना के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए तो वाहन की पहचान हुई। वाहन भजन गायक ओम मुण्डेल के नाम है, पुलिस ने गाड़ी जब्त कर चालक मुकेश को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि गाड़ी में खुद मुण्डेल अपने साथियों के साथ सवार था, उसने घायल को अस्पताल पहुंचाने के बजाय खुद वहां से निकलने और बाद में तरह-तरह की बातें करने से मामला संदिग्ध लगा।
Published on:
6 Apr 2023, 8:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.