
बस और डंपर की जोरदार भिड़ंत में 40 यात्री घायल, कैबिन में फंसे ड्राइवर की JCB से बॉडी तोड़कर निकाला
नर्मदापुरम. मध्य प्रदेश के नम्रदापुरम जिले के अंतर्गत आने वाले इटारसी से सटे औबेदुल्लागंज-बैतूल हाईवे पर प्लेटिनम रिसॉर्ट के सामने बुधवार शाम बस और डंपर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बस और डंपर चालक सहित 40 लोग घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त हुई कि, डंपर चालक स्टेयरिंग में फंस गया। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे डंपर चालक को जेसीबी की मदद से पुलिसकर्मियों ने बाहर निकाला। घायलों सहित गंभीर हालत में ड्राइवर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
नर्मदापुरम से इटारसी होते हुए बैतूल जा रही बस क्रमांक एमएच 04 जी 9451 और इटारसी की तरफ से नर्मदापुरम जा रहे डंपर क्रमांक एमपी 05 जी 8109 की प्लेटिनम रिसॉर्ट के सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा शाम करीब 4.15 बजे का बताया जा रहा है। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। इनमें तीन बच्चों समेत 37 लोग घायल हुए हैं। यात्रियों के सिर, हाथ और पांव में चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर एसडीओपी महेंद्र ङ्क्षसह चौहान, टीआई रामस्नेह चौहान, एसडीएम मदन सिंह रघुवंशी मौके पर पहुंच गए थे। घायलों को 108 एंबुलेंस से इटारसी के स्वास्थ केंद्र पहुंचाया। यहां विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे।
आधा घंटे चला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष, स्टेयरिंग में फंसे ड्राइवर को जेसीबी से निकाला
बस की टक्कर से डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह चपटा हो गया, जिसकी वजह से डंपर चला रहे ड्राइवर के सीने और पेट में स्टेयरिंग धंस गया था। काफी देर तक पुलिस डंपर के ड्राइवर को बाहर निकालने का प्रयास करती रही, लेकिन उसे नहीं निकाल सके। इसके बाद जेसीबी बुलवाई गई। जेसीबी से डंपर के अगले हिस्से को खींचकर जगह बनाई गई। इसके बादर सब्बल और लोहे की रॉड की मदद से पुलिसकर्मियों ने डंपर चालक को लहुलूहान हालत में खींचकर बाहर निकाला, जिसमें करीब आधा घंटे लग गए। खबर लिखे जाने तक डंपर ड्राइवर की हालत गंभीर बनी हुई थी।
ओवरटेक करने के चक्कर में हुआ हादसा
नर्मदापुरम की तरफ से इटारसी आ रही बस में सवार घायल यात्रियों ने बताया कि, बस तेज रफ्तार में थी। ओवरटेक करने के चक्कर में जैसे ही बस में अपनी दूसरी तरफ टर्न लिया, सामने से आ रहे डंपर से सीधे टकरा गई, जिसकी वजह से हादसा हुआ है।
हादसे के बाद बस में मची चीख - पुकार
हादसे के बाद बस में सवार लहूलुहान और घायल यात्रियों को राहगीरों और पुलिस की मदद से नीचे उतारा गया। बस में यात्री खचाखच भरे हुए थे, जिससे चीख पुकार मच गई। हाईवे से आने-जाने वाले हादसा देखकर रुक गए। आसपास के होटलों में काम करने वाले कर्मचारी भी मदद के लिए आ गए। सभी ने घायलों को बस से नीचे उतारकर उन्हें पानी और अन्य सामान उपलब्ध करवाया। इस बीच पुलिस और एंबुलेंस भी आ गई।
हादसे में ये हुए घायल
गोविंद कुमार राजस्थान, सुंदर लाल मेहरागांव, बबलू नोदा राजस्थान, निरंजन नोदा गुना, शुभम चौहान महाराष्ट्र, बबलू नोदा राजस्थान, रवींद्र शाह जिला बैतूल, मुन्नीलाल बैतूल, संजय चौहान बैतूल, कुसुम बाई, गोमती पूरा सुखतवा, पार्वती कोठी बाजार नर्मदापुरम, सुरेश बाथरे, सरदार नगर, इमारत लाल कलमेसरा, कैलाश यादव कलमेसरा, प्रभुलाल राजस्थान, गुलाब सहेली केसला, भैयालाल जिला सीहोर, रविशंकर यादव दीवान कालोनी, जीजा बाई यादव दीवान कालोनी इटारसी, श्यामल विश्वास चोपना, कलावती सैनी बालाजी मंदिर इटारसी, कंचन बाथरी इटारसी, हितु मालवीया (7) बैतूल, भारती, पार्थ मालवीय (8), विक्की मालवीया बैतूल, अमीर घोराघोगरी, लखन लाल जिला रायसेन, बसंत उइके बुदनी, तुलसी वर्मा बंगाली कालोनी खेड़ा, भागीरथ केवट सरदार नगर शाहगंज, सोनम चोरे गरीबी लाइन इटारसी, रामगोपाल सहेली केसला, उमंग रैकवार (7) गरीबी लाइन।
Updated on:
9 Nov 2022, 7:33 PM IST
Published on:
9 Nov 2022, 7:33 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.