
मॉब लिंचिंग : गौवंश तस्करी का आरोप लगाकर भीड़ ने युवक को बेरहमी से पीटकर मार डाला, दो घायल, VIDEO
नर्मदापुरम. मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सिवनी मालवा तेहसील के बराखड़ गांव में मॉब लिंचिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गौवंश तस्करी का आरोप लगाते हुए भीड़ ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी,जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बताया जा रहा है कि, तीन युवक रात करीब 12.30 बजे ट्रक में करीब 2 दर्जन से ज्यादा गौवंश ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे, जिसे देखकर लोग नाराज हो गए और तीन लोगों पर हमला कर दिया। जानलेवा हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर घायल हुए हैं। हमले का शिकार तीनों लोग महाराष्ट्र के अमरावती निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और नेता भी घटनास्थल पर पहुंच गए। मामला संवेदनशील होने के कारण डीआईजी, नर्मदापुरम एसपी गुरकरण सिंह, नर्मदापुरम कलेक्टर नीरज कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थितियों को संभालने के दिशा-निर्देश दिए। एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंच गई और सुबह से ही घटनास्थल के निरीक्षण में जुटी हुई है।
10 से 15 हमलावरों को तलाश रही पुलिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र के अमरावती से एक ट्रक गोवंश लेकर देर रात 12.30 बजे सिवनी मालवा की तरफ जा रहा था। इस दौरान बराखड़ गांव के पास करीब 10-15 लोगों ने उन्हें रुकवाया। ट्रक में लगभग 2 दर्जन से अधिक गौवंश भरे थे, जिसे देखकर ये लोग नाराज हो गए। भीड़ ने लोगों के साथ मारपीट शुरु कर दी। लोगों को शक था कि ये लोग गौतस्करी कर रहे हैं। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। तीनों को अस्पताल में भर्ती करवाया। इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं, अन्य दो घायलों का इलाज नर्मदापुरम जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
हत्या और अवैध गौवंश का मामला दर्ज
नर्मदापुरम एसपी गुरकरण सिंह के अनुसार, घटना करीब रात 12.30 की है। तीन लोग ट्रक में अवैध रूप से गौवंश लेकर जा रहा थे। सभी अमरावती, महाराष्ट्र के रहने वाले थे। तीनों से 10 से 15 लोगों ने मारपीट की है। इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर है। इस मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है।
Published on:
3 Aug 2022, 3:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.