
जदयू विधायक अनंत सिंह (फोटो- IANS X वीडियो ग्रैब )
Anant Singh JDU: बिहार में पटना स्नातक विधान परिषद चुनाव को लेकर जदयू में खींचतान जारी है। अपनी ही पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार और मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार के खिलाफ प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के लिए खुल कर प्रचार कर रहे मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने जदयू छोड़ने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। शुक्रवार को जन सुराज उम्मीदवार के समर्थन में जनसंपर्क अभियान पर निकलने से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए अनंत सिंह ने साफ किया कि वे जनता दल यूनाइटेड में हैं और पार्टी में ही बने रहेंगे।
अनंत सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही उनके लिए मालिक है। वे जनता के बीच जाकर उनका आशीर्वाद मांगेंगे और मतदाताओं से हाथ जोड़कर डॉ. अनुज सिंह के लिए मतदान करने की अपील करेंगे। जन सुराज उम्मीदवार को समर्थन देने पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि वे पार्टी के खिलाफ बगावत नहीं कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में अनुज सिंह ने उनका साथ दिया था, इसलिए वे इस चुनाव में अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वो पार्टी में हैं और पार्टी में ही रहेंगे।
अनंत सिंह ने कहा कि वह JDU का हिस्सा हैं और पार्टी को चुनौती देने का उनका कोई इरादा नहीं है। पार्टी नेतृत्व को परेशान न होने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि JDU को इस चुनाव को लेकर बहुत ज्यादा चिंतित होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह कोई आम विधानसभा चुनाव नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि जनता को इस तरह की घबराहट या बेचैनी पसंद नहीं आती।
अनंत सिंह ने बताया कि उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए खुद टिकट नहीं मांगा था, बल्कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कहने पर ही उन्होंने चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया था। आनंतत सिंह ने खुद को नीतीश कुमार का भक्त बताया और कहा कि उन्हें पार्टी से कोई शिकायत नहीं है। हालांकि, अनंत सिंह ने यह भी कहा कि उन्होंने पहले भी नीरज कुमार का विरोध किया है और आगे भी करते रहेंगे।
जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार द्वारा कथित तौर पर 'पुदीना सिंह' कहे जाने पर पलटवार करते हुए अनंत सिंह ने कहा कि 23 नवंबर को जब चुनाव परिणाम सामने आएंगे, तब नीरज कुमार के अंदर पिछले 18 वर्षों से जमा हुई सारी 'गैस' और घमंड पूरी तरह बाहर निकल जाएगा और वह फिर कभी लौटकर नहीं आएगा।
Updated on:
16 Oct 2026 11:08 am
Published on:
16 Oct 2026 11:08 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
