4 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Asian Games 2026: पीएम नरेंद्र मोदी ने भारतीय दल को दी बधाई, 21 गोल्ड समेत जीते 85 पदक

Asian Games 2026 में भारत ने 21 स्वर्ण समेत 85 पदक जीतकर चौथा स्थान हासिल किया। PM मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए बधाई दी।
2 min read
Google source verification

भारत

•

image

Anurag Animesh

•

Oct 04, 2026

pm news

पीएम नरेंद्र मोदी(फोटो-ANI)

PM Modi congratulates Indian Athletes: आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहना की है। उन्होंने रविवार को भारतीय दल को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने दृढ़ संकल्प, जुनून और शानदार खेल भावना के साथ देश का प्रतिनिधित्व किया। भारत ने 2026 एशियन गेम्स में कुल 85 पदक जीते। इनमें 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। हालांकि, यह प्रदर्शन 2023 में हांगझोउ एशियन गेम्स में जीते 106 पदकों से 21 पदक कम रहा।

पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में भारतीय दल के हर सदस्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स के समापन के मौके पर वह भारतीय दल के प्रत्येक सदस्य को बधाई देते हैं, जिन्होंने दृढ़ संकल्प, जुनून और खेल भावना के साथ देश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को भी बधाई दी और कहा कि उनके प्रदर्शन से देश को बहुत खुशी मिली है। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि इन खेलों से आने वाले वर्षों में भारतीय खिलाड़ियों को और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इन खेलों से जमीनी स्तर पर खेलों को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

85 पदकों के साथ चौथे स्थान पर भारत

भारत ने आइची-नागोया एशियन गेम्स में 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य समेत कुल 85 पदक जीते। भारत चौथे स्थान पर रहा। भारतीय दल के लिए इस संस्करण में कई यादगार प्रदर्शन भी देखने को मिले। शूटिंग में नीरू ढांडा ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। वहीं, भारत ने क्रिकेट, हॉकी और कबड्डी जैसे टीम खेलों में भी स्वर्ण पदक हासिल किए।

दो हफ्ते से ज्यादा चला खेलों का रोमांच

आइची-नागोया एशियन गेम्स में दो सप्ताह से ज्यादा समय तक एशिया के 45 देशों के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया। इस दौरान 350 से ज्यादा रिकॉर्ड बने, जिनमें कम से कम 50 विश्व रिकॉर्ड भी शामिल रहे। रविवार को नागोया के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में रंगारंग समापन समारोह के साथ खेलों का समापन हुआ। भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा समापन समारोह में भारत की ध्वजवाहक बनीं। उन्होंने इन खेलों में दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया था।