
AI से बनाई गई हिमंत सरमा की मॉर्फ्ड वीडियो (इमेज सोर्स- ANI)
Himanta Biswa Sarma Morphed Image: असम मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की कथित फेक और मॉर्फ्ड AI वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने कार्रवाई की है। CMO के मुताबिक, इस मामले में FIR दर्ज की गई है। साथ ही, कंटेंट तैयार करने और फैलाने में कथित रूप से शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है।
असम मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो को लेकर बयान जारी किया है। CMO ने कहा कि यह वीडियो असली नहीं है। इसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किया गया है। कार्यालय के अनुसार, वीडियो में डिजिटल तरीके से छेड़छाड़ की गई है। इसका वास्तविक घटनाक्रम से कोई संबंध नहीं है। CMO ने आरोप लगाया कि इस तरह की सामग्री का इस्तेमाल लोगों को गुमराह करने के लिए किया गया। कार्यालय ने यह भी कहा कि कथित तौर पर इस कंटेंट को मुख्यमंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने के इरादे से प्रसारित किया गया। ऐसे में मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने साफ किया कि डिजिटल कंटेंट को जानबूझकर बदलकर लोगों के बीच गलत धारणा पैदा करना गंभीर मामला है। कार्यालय ने चेतावनी दी कि ऐसे कंटेंट को बनाने या फैलाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
AI तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बीच फर्जी तस्वीरें और वीडियो तेजी से तैयार किए जा सकते हैं। इन्हें सोशल मीडिया पर शेयर करना भी आसान है। ऐसे में किसी वायरल कंटेंट को तुरंत सच मानना जोखिम भरा हो सकता है।
असम CMO ने लोगों से अपील की है कि मुख्यमंत्री या राज्य सरकार से जुड़ी किसी भी संदिग्ध तस्वीर और वीडियो को शेयर करने से पहले उसकी पुष्टि करें। जिन लोगों ने कथित तौर पर यह सामग्री पहले ही शेयर या रीपोस्ट कर दी है, उनसे भी इसे आगे फैलाने से बचने को कहा गया है। CMO ने नागरिकों से केवल भरोसेमंद और वेरिफाइड सोर्स पर मिलने वाली जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।
बता दें यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब AI से तैयार किए गए डीपफेक और मॉर्फ्ड कंटेंट को लेकर लगातार चिंता बढ़ रही है। पहले भी कई नेता और सेलेब्स इसका शिकार हो चुके हैं।
Updated on:
05 Oct 2026 03:54 pm
Published on:
05 Oct 2026 03:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
