21 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जमुई में छात्रा से बदसलूकी पर भड़के तेजस्वी, बोले- नौसिखिए हाथों में सौंपी बिहार की कमान, हालात के जिम्मेदार पीएम मोदी

Jamui Viral Video: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ का वीडियो सामने आने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बिहार सरकार पर कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर निशाना साधा।
3 min read
Google source verification

जमुई

image

Anand Shekhar

Sep 21, 2026

tejashwi yadav on jamui viral video

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi yadav FB)

Tejashwi Yadav on Jamui Viral Video: बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग छात्रा और उसके दोस्त के साथ सरेआम छेड़छाड़ और बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद राज्य में राजनीतिक घमासान मच गया है। मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने NDA सरकार पर तीखा हमला बोला है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और उनकी बहन रोहिणी आचार्य ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को पूरी तरह ध्वस्त बताया है। तेजस्वी यादव ने प्रदेश को अराजकता के मुहाने पर बताते हुए राज्य की मौजूदा प्रशासनिक स्थिति के लिए सीधे तौर पर प्रधानमंत्री को जिम्मेदार ठहराया है।

बिहार में अराजकता का माहौल; कोई भी छात्रा या महिला सुरक्षित नहीं : तेजस्वी

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने लिखा कि बिहार में अराजकता का माहौल बन गया है और कोई भी छात्रा या महिला कहीं भी या किसी भी समय सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुंडे और अपराधी अब दिनदहाड़े स्कूलों, कॉलेजों और घरों में घुसकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनडीए के शासन में महिलाओं, छात्राओं, गरीबों और दलितों पर अत्याचारों में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है।

चुनावी वादों के बाद मौनी बाबा बने प्रधानमंत्री : तेजस्वी

केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान महिलाओं को लुभावने वादे और आर्थिक मदद की घोषणाएं करने वाले प्रधानमंत्री आज ऐसी गंभीर घटनाओं पर पूरी तरह 'मौनी बाबा' बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के बाद बिहार की बागडोर नौसिखिए हाथों में सौंप दी गई है और राज्य के मौजूदा संकटपूर्ण हालात के अकेले जिम्मेदार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।

रोहिणी ने भी सरकार पर साधा निशाना

तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने भी जमुई की घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि बिहार में बेशर्म सरकार है और राज्य में महिलाओं और लड़कियों के साथ खुलेआम छेड़छाड़ और उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने जमुई की घटना को बेहद शर्मनाक बताया और कहा कि इससे बिगड़ती कानून-व्यवस्था, प्रशासन की कमजोर पकड़ और सम्राट के नेतृत्व वाली सरकार में पुलिसिंग की विफलता की सच्चाई सामने आ गई है।

रोहिणी ने कहा कि गुंडों ने सड़क के बीचों-बीच एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़, मारपीट, हैवानियत और दरिंदगी की कोशिश की। इससे साफ पता चलता है कि बिहार में अपराधियों को अब कानून या पुलिस का कोई डर नहीं है। सरकार चलाने वालों के लिए यह बेहद शर्म की बात है कि सुशासन और बेटी बचाओ के वादों और नारों के बावजूद, राज्य की महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।

POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुई पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। भारतीय न्याय संहिता (BNS) और POCSO एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत जमुई थाना में केस नंबर 428/26 दर्ज किया गया है। जमुई के पुलिस अधीक्षक (SP) विश्वजीत दयाल ने बताया कि जैसे ही वीडियो उनके संज्ञान में आया, पीड़िता की पहचान की गई और उसका बयान दर्ज किया गया। जांच में पता चला कि यह घटना 19 सितंबर को शाम करीब 7 बजे हुई थी और इसमें उसी गांव के युवक शामिल थे।

SIT ने तीन संदिग्धों को पकड़ा

SP के निर्देश पर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) सुश्री दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया, टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वीडियो में छह से सात युवक दिखाई दे रहे हैं और फरार संदिग्धों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके अलावा, सोशल मीडिया से आपत्तिजनक वीडियो हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।