देश में कोरोनावायरस केस तेजी से बढ़ रहे हैं। भारत में 126 दिन के बाद एक दिन में कोरोनावायरस के 800 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के शनिवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में शुक्रवार को कोविड-19 के 841 नए मामले पकड़ में आए हैं। इस नई रिपोर्ट के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 4.46 करोड़ हो गई है। पिछले 24 घंटे में झारखंड और महाराष्ट्र में कोरोनावायरस से 1-1, जबकि केरल से 2 लोगों की मौत हुई है। इन नए आंकड़ों के बाद कोरोनावायरस संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 5,30,799 पर पहुंच गई है। आंकड़ों बताते हैं कि, केरल, महाराष्ट्र, कर्नाटक और गुजरात में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या सबसे अधिक है। देश के दैनिक औसत नए कोविड मामले एक महीने में छह गुना बढ़ गए हैं। एक महीने पहले 18 फरवरी को औसत दैनिक मामले 112 थे जबकि 18 मार्च 2023 को 626 है।