
Coronavirus Updates 17 april
Coronavirus Updates देश में कोरोनावायरस एक बार फिर से प्रचंड रुप धारण कर रहा है। कोरोनावायरस के नए केस से जनता में दहशत बढ़ रही है। स्वास्थ्य विभाग के जारी आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को बीते 24 घंटों में 9,111 कोरोनावायरस संक्रमण के नए केस दर्ज किए गए हैं। आज दर्ज किए कोविड-19 केसों की संख्या रविवार 16 अप्रैल को जारी कोरोना की संख्या से कुछ कम रही। यह एक राहत भरी सूचना है। पर सर्तकता जरूरी है। रविवार को 10,093 नए मामले दर्ज किए गए थे। और एक्टिव कोविड - 19 मरीजों की संख्या 57,542 रही। पर सोमवार को जारी आंकड़ों के बाद एक्टिव केसों की कुल संख्या 60,313 हो गई। कोरोना केसों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने सभी को सुरक्षा के तहत मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। साथ बेहद सख्ती के साथ कहा कि, कोविड-19 गाइडलाइंस का पालन करें।
कोरोनावायरस बेकाबू, संक्रमण से 27 मौतें
स्वास्थ्य विभाग के जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों में कोरोनावायरस संक्रमण से 27 मौतें हुईं हैं। जिसके साथ मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,31,141 हो गई। कोविड के कुल मामले की बात करें तो संख्या 4.47 करोड़ (4,48,27,226) हो गई है। इसके साथ करीब 6,313 कोरोना संक्रमित कोरोना को मात देकर घर वापस लौटे।
गुजरात में कोरोना से छह की मौत
कोरोना से गुजरात में छह मौत, यूपी में 4, दिल्ली और राजस्थान में तीन-तीन मौत, महाराष्ट्र में 2 तो बिहार, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, झारखंड और तमिलनाडु में एक की मौत हुई है। केरल में कोरोना से तीन लोगों की मौत दर्ज की गई है।
भारत में अभी तक कुल 4,42,35,772 लोग संक्रमण मुक्त
आंकड़ों के मुताबिक, भारत में कोविड-19 संक्रमण की दैनिक दर 8.40 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 4.94 प्रतिशत है। देश में अभी 60,313 लोगों का कोरोनावायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.13 प्रतिशत है। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.68 फीसदी है। भारत में अभी तक कुल 4,42,35,772 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि कोविड-19 से मृत्यु दर 1.19 प्रतिशत है। भारत में अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 2,20,66,26,522 खुराक दी जा चुकी हैं।
बिहार में कोरोनावायरस एक्टिव केसों की संख्या 500
बिहार के स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो राज्य में रविवार को पटना में 60 नए कोरोना संक्रमितों के साथ राज्य में 137 नए संक्रमित मिले हैं। राज्य में फिलहाल सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर करीब 500 तक पहुंच चुकी है। राहत की बात है कि इस बार कोरोना वायरस ज्यादा खतरनाक नहीं दिख रहा है।
नोएडा, गाजियाबाद में स्कूलों में मास्क अनिवार्य
दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम में कोरोना केस लगातार बढ़ रहे हैं। दिल्ली में तो पॉजिटिविटी रेट 30 फीसद तक पहुंच गया है। नोएडा, गाजियाबाद में स्कूलों को लेकर कोविड की नई गाइडलाइन्स जारी कर दी गई है। बच्चों के लिए मास्क को अनिवार्य कर दिया गया है।
नए सब वैरिएंट के लक्षण
मेडिकल एक्सपर्ट्स के अनुसार, नए सब वैरिएंट के लक्षण काफी हद तक ओमिक्रोन के पिछले वैरिएंट्स जैसे ही हैं। तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, बदन दर्द, सिर में दर्द, सर्दी जैसे लक्षण आम हैं। सूंघने और टेस्ट करने की क्षमता नहीं जाती और जा भी सकती है। राहत की बात यह है कि ज्यादातर मरीज घर पर सिर्फ आराम करके ठीक हो जा रहे हैं।
Updated on:
17 Apr 2023, 4:54 PM IST
Published on:
17 Apr 2023, 11:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.