Delhi Election 2025: दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान सीएम आतिशी ने बीजेपी पर वोट कटवाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी वोट का अधिकार पर घोटाला कर रही है। देश के संविधान और लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रही है। नई दिल्ली विधानसभा में एक बहुत बड़े स्तर पर एक वोटर स्कैम देश के सामने आया है। उन्होंने आगे कहा कि नई दिल्ली विधानसभा में 15 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच में 10,000 से ज़्यादा वोट बनवाने की एप्लीकेशन आईं। सीएम ने कहा कि नई दिल्ली विधानसभा में 29 अक्टूबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच में 6,167 एप्लीकेशन वोट कटवाने के लिए दाखिल की गईं। इस विधानसभा में 4283 वोट कटवाने की एप्लीकेशन मात्र 84 लोगों के द्वारा मिली लेकिन 2 जनवरी को सुनवाई के दौरान इन सबने किसी भी प्रकार की एप्लीकेशन देने से इंकार कर दिया। इससे साफ़ है कि नई दिल्ली विधानसभा में एक बहुत बड़े स्तर पर चुनावी घोटाला किया जा रहा है।