सवाल: सूर्य पर मिशन भेजने वाला भारत विश्व का तीसरा देश बन गया है। जटिल अंतरग्रहीय मिशनों में यह सफलता कितनी महत्त्वपूर्ण है?
जवाब: चंद्रयान-3 की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमें एक दिशा दी है, एक लक्ष्य दिया है। हमें अमृतकाल के दौरान जो हासिल करना है, उसकी तैयारियां करनी हैं। चंद्रयान-3 के लैंडर विक्रम का हॉप टेस्ट, प्रोपल्शन मॉड्यूल को वापस चंद्रमा से पृथ्वी की कक्षा में लाना और अब आदित्य मिशन को हेलो आर्बिट (लैग्रेंज-1) में स्थापित करना भविष्य की तैयारियों का एक हिस्सा है। हमें स्पेस स्टेशन को डिजाइन करना है और अंतरिक्ष में स्थापित करने के बाद उसे संचालित करना है। मंगल पर लैंड करना है। ये बेहद चुनौतीपूर्ण मिशन है। इसके अलावा साल 2040 तक चंद्रमा पर भारतीय अंतरिक्षयात्री को भेजना है। इसके लिए हमें तकनीक हासिल करनी है। ऐसे मिशनों में सफलता से भविष्य के जटिल मिशनों में कामयाबी का भरोसा बढ़ता है।