
Flood In Kerala
नई दिल्ली। केरल में बादल कहर पर बनकर बरस रहे हैं। भारी बारिश के बाद आई बाढ़ ( Flool In Kerala ) ने कोहराम मचा दिया है। दक्षिण और मध्य केरल में भारी बारिश के बाद अब तक 15 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कोट्टयम और इडुक्की जिलों के पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन ( Landslide ) में कई लोगों के लापता होने की आशंका है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ( IMD ) ने इस बीच केरल के 11 जिलों में अलर्ट जारी किया है। वहीं लापता लोगों के साथ बाढ़ में फंसे लोगों के लिए सेना ने मोर्चा संभाल लिया है। एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच चुकी हैं। गृहमंत्रालय ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
कवाली और कोट्टायम में मलबे में लापता लोगों के लिए सेना के जवानों की ओर से बचाव अभियान जारी है। वहीं कूट्टिकल में भूस्खलन से दो और शव बरामद, मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
भारी बारिश और बाढ़ के बीच प्रदेश के 11 जिलों तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, कोट्टायम, अलाप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और कोझीकोड में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
नेवी चॉपर पहले से ही आईएनएस गरुड़ से बारिश प्रभावित क्षेत्रों की ओर राहत सामग्री पहुंचाने का काम कर रहा है। वायुसेना स्टेशन, शंगमुघम में दो वायु सेना हेलिकॉप्टर एमआई-17 स्टैंडबाय पर हैं।
इसके साथ ही इंजीनियरिंग और चिकित्सकों के साथ डीएससी केंद्र, कन्नूर से सेना के जवानों का एक दल बचाव कार्यों के लिए वायनाड पहुंचा है। जबकि बेंगलुरु से इंजीनियरिंग टास्क फोर्स भी वायनाड के लिए रवाना हो चुका है।
लगाए गए 105 कैंप, तेजी से चल रहा रेस्क्यू ऑपरेशन
प्रदेशभर में भारी बारिश के बाद बढ़ी आफत से राहत के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा, लोगों से बारिश से बचने के लिए सभी सावधानियां बरतने का अनुरोध किया गया है।
पूरे राज्य में राहत बचाव के 105 कैंप लगाए गए हैं। साथ ही और अधिक कैंप लगाने की व्यवस्था की जा रही है।
केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, पठानमथिट्टा, कोट्टायम और तिरुवनंतपुरम जिलों में मैडमॉन, कल्लुपारा, थुम्पमन, पुलकायार, मानिक्कल, वेल्लाइकडावु और अरुविपुरम बांधों में जल स्तर बढ़ रहा है।
भारतीय वायु सेना ने बताया कि केरल के बारिश प्रभावित जिलों में बाढ़ राहत प्रयासों के लिए मीडियम लिफ्ट हेलीकॉप्टर भी शामिल किए गए हैं। एर्नाकुलम जिले में भारी बारिश के कारण मुवत्तुपुझा नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
Published on:
17 Oct 2021, 2:01 PM IST
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.