Janata Party Birth आज 23 जनवरी का दिन है। भारतीय राजनीतिक इतिहास में 23 जनवरी का बड़ा महत्व है। इस दिन पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और कांग्रेस के खिलाफ कई दलों ने मिलकर बिगुल फूंका। इस विरोध की आवाज से कांग्रेस के खिलाफ एक नई पार्टी का जन्म हुआ। आपातकाल के दुर्भाग्यपूर्ण कालखंड की कोख से 23 जनवरी 1977 में जिस नए गैर-कांग्रेसी दल का जन्म हुआ उसका नाम जनता पार्टी था। जनता पार्टी के प्रणेता थे जयप्रकाश नारायण। जनता पार्टी के कुनबे में कई विचारधाराएं शामिल थी। खांटी कांग्रेसी मोरारजी देसाई, समाजवादी मधु लिमये, राजनारायण, जॉर्ज फर्नांडीस और मधु दंडवते शामिल थे। तो संघ परिवार के अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, नानाजी देशमुख और कांग्रेस से अलग हो चुके चौधरी चरण सिंह, चंद्रशेखर, मोहन धारिया, रामधन और कृष्णकांत की युवा तुर्क चौकड़ी भी थी। अभी यह लाइन खत्म नहीं हुई। इसमें जगजीवन राम, हेमवती नंदन बहुगुणा जैसे कांग्रेसी शामिल हो गए।