
Punjab Congress President Pargat Singh (Photo-IANS)
Pargat Singh on Arvind Kejriwal : नई दिल्ली। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगत सिंह ने आम आदमी पार्टी के विधायक सुखवीर सिंह मैसेरखाना को पार्टी से निलंबित किए जाने को लेकर आप और उसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने केजरीवाल को 'असली तानाशाह' करार दिया।
परगत सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा और स्वास्थ्य के मॉडल को लेकर अपनी सरकार का प्रचार करती रही है, लेकिन उसके ही एक विधायक ने राज्य में शिक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक के बयान के दो घंटे के भीतर ही उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया। यह तानाशाही है।
बता दें कि आम आदमी पार्टी ने विधायक सुखवीर सिंह मैसेरखाना को कथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के आरोप में प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया है। इससे पहले शनिवार को मौर से आप विधायक सुखवीर सिंह मैसेरखाना ने फेसबुक लाइव के दौरान अपनी ही सरकार की आलोचना की थी। सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए वह भावुक हो गए थे। उन्होंने कहा था कि वह कई बार अधिकारियों के सामने यह मुद्दा उठा चुके हैं।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि नेतृत्व में पेशेवर रवैये की कमी के कारण पंजाब में कानून-व्यवस्था कमजोर है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और पुलिस नेतृत्व में इच्छाशक्ति की कमी दिखाई दे रही है।
परगत सिंह ने कहा कि जब संस्थाओं को कमजोर किया जाता है तो अराजकता जैसी स्थिति पैदा होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि आज देश में संस्थाओं और राजनीतिक व्यवस्था पर भरोसा कम होता जा रहा है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर परगत सिंह ने कहा कि किसी व्यक्ति पर भरोसा खत्म होना अलग बात है, लेकिन जब संस्थाएं ही कमजोर हो जाती हैं तो यह देश के लिए बड़ा नुकसान है। उन्होंने कहा कि कहा जाता है कि व्यक्ति की मृत्यु वास्तविक मृत्यु नहीं है, बल्कि उसकी अंतरात्मा की मृत्यु ही वास्तविक मृत्यु है।
राज्य में अपराध की स्थिति का जिक्र करते हुए परगत सिंह ने कहा कि पंजाब में रोजाना दो, तीन या चार हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था और पुलिस व्यवस्था का अभाव है। उन्होंने कहा कि पुलिस में नेतृत्व की कमी है और राजनीतिक नेतृत्व में भी इच्छाशक्ति का अभाव है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यही पुलिस बल कई बार बहुत अच्छा काम करता है, लेकिन जब नेतृत्वहीन स्थिति बनती है तो स्वाभाविक रूप से उसका प्रदर्शन प्रभावित होता है।
हाल ही में पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद विधायक परगत सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
Updated on:
04 Oct 2026 02:25 pm
Published on:
04 Oct 2026 02:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
