
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी (Photo-IANS)
Rahul Gandhi Speaks to Sahil’s Family: आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल के मौत मामले में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पीड़ित माता-पिता से फोन पर बात की है। राहुल ने उन्हें बेटे के मौत मामले में न्याय की लड़ाई में हरसंभव मदद का भरोसा दिया। महाराष्ट्र कांग्रेस ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
पार्टी के मुताबिक, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को करीब 17 मिनट तक साहिल के माता-पिता रविंद्र और सोनाली वाकोड़े से वीडियो कॉल पर बातचीत की।
महाराष्ट्र कांग्रेस के अनुसार, राहुल गांधी ने साहिल के परिवार के प्रति एकजुटता जताई और मामले में न्याय दिलाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। दरअसल, साहिल की मौत के बाद उसके परिवार ने IIT बॉम्बे प्रशासन और कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल मामले की जांच मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है।
बताया गया कि जब राहुल गांधी ने वीडियो कॉल किया, उस समय साहिल के माता-पिता महाराष्ट्र के वाशिम जिले से मुंबई की यात्रा कर रहे थे। बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने उनसे कहा कि वह इस मुश्किल समय में उनके साथ हैं और न्याय की लड़ाई में हरसंभव मदद करेंगे। इस दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख शिवराज मोरे भी साहिल के माता-पिता के साथ मौजूद थे।
इस मामले को लेकर यूथ कांग्रेस गुरुवार दोपहर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली है। माना जा रहा है कि संगठन इस दौरान अपनी आगे की रणनीति और मामले को लेकर उठाए जाने वाले अगले कदमों की जानकारी देगा।
साहिल की मौत को लेकर विरोध प्रदर्शन और स्वतंत्र जांच की मांग लगातार तेज हो रही है। साहिल के माता-पिता का आरोप है कि उनके बेटे को IIT बॉम्बे में जातिगत भेदभाव और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
साहिल IIT बॉम्बे में बीटेक द्वितीय वर्ष का छात्र था। 18 सितंबर की शाम वह हॉस्टल के कमरे में मृत पाया गया। उसकी मौत से कुछ घंटे पहले कथित तौर पर एक मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन से चैटजीपीटी का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया था।
Updated on:
24 Sept 2026 11:04 am
Published on:
24 Sept 2026 10:31 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
